
सक्ती, जिले में अवैध शराब के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी वृत्त जैजैपुर की टीम ने ग्राम रायपुरा भाटापारा, थाना बाराद्वार में छापामार कार्रवाई कर 10 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की।
आबकारी उप निरीक्षक घनश्याम प्रधान के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में मुखबिर की सूचना पर छद्म क्रेता के माध्यम से शराब बिक्री की पुष्टि की गई। इसके बाद आरोपी बिरीच राम पिता गांधी राम के मकान की तलाशी ली गई, जहां 5-5 लीटर क्षमता वाले दो जरीकेन में कुल 10 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।
आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में आबकारी मुख्य आरक्षक रघुनाथ पैकरा सहित आबकारी एवं नगर सैनिकों की टीम का योगदान रहा। विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।






