कोरबा ठगी मामले के आरोपियों को पकड़ने हवाई यात्रा करने वाले टीआई सहित 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड
सतपाल सिंह
कोरबा ठगी मामले के आरोपियों को पकड़ने हवाई यात्रा करने वाले टीआई सहित 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड
कोरबा। 55 करोड़ रुपए की ठगी के आरोपी को पकड़ने के लिए निर्धारित नियमों को दरकिनार कर हवाई यात्रा करना कटघोरा पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को भारी पड़ गया। बिना उच्च अधिकारियों की अनुमति के दिल्ली जाने के लिए प्लेन से यात्रा करने के मामले में कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक मोती बी. पटेल समेत 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
यह कार्रवाई बिलासपुर आईजी ने जांच के बाद की है।
मामला जेसीबी एजेंसी के नाम पर एक व्यापारी से हुई 55 करोड़ रुपए की ठगी से जुड़ा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कटघोरा पुलिस की टीम को दिल्ली जाना था। पुलिसकर्मियों को नियमानुसार ट्रेन से यात्रा करने के निर्देश थे, लेकिन थाना प्रभारी एम. बी. पटेल ने कथित तौर पर पीड़ित व्यापारी द्वारा उपलब्ध कराए गए पैसों से प्लेन के टिकट बुक कराए और स्टाफ के साथ हवाई यात्रा की।
बिना अनुमति की हवाई यात्रा, जांच में खुली अनियमितता
पुलिस टीम की हवाई यात्रा की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद मामले की जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में बिना अनुमति हवाई यात्रा करने और शासकीय प्रक्रिया का पालन नहीं करने की बात सामने आई। जांच में 5 हवाई यात्राओं समेत अन्य अनियमितताएं भी सामने आने की बात पुलिस अधिकारियों ने कही है।
कटघोरा TI समेत इन 8 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में निरीक्षक मोती बी. पटेल, उप निरीक्षक राम पाण्डेय, प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा, प्रधान आरक्षक गोपाल यादव, प्रधान आरक्षक राजेश कंवर, आरक्षक प्रदीप राठौर, आरक्षक सुशील यादव और आरक्षक प्रशांत सिंह शामिल हैं।






