रूहानी ताकतों का दावा कर लोगों को बनाया निशाना? ‘बाबे शिफा’ के खिलाफ शिकायतों का अंबार, FIR की मांग

अंबिकापुर। देश एक ओर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर अंधविश्वास के नाम पर लोगों को गुमराह करने के मामले भी सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में सामने आया है। यहां खुद को रूहानी ताकतों का मालिक बताने वाले एक कथित बाबा पर लोगों की आस्था से खिलवाड़ करने और लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप लगे हैं। आरोप है कि बाबा के झांसे में युवा पीढ़ी यानी GenZ भी आ गई। करीब एक साल से चल रहे इस कथित मामले को लेकर अब मोहल्लेवासियों ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
वैभव सूर्यवंशी ने मचाया तहलका! सबसे तेज दोहरा शतक जड़कर रचा नया इतिहास, 194 रन सिर्फ चौके-छक्कों से
खुद को रूहानी ताकतों का मालिक बताता था बाबा
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलपुर का है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यहां एक व्यक्ति ने ‘बाबे शिफा’ के नाम से अपना ठिकाना बना रखा था। वह खुद को रूहानी ताकतों का मालिक बताकर लोगों को बीमारियां ठीक करने और उनकी समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाता था।
आरोप है कि उसने बैकुंठपुर के एक व्यक्ति सहित कई अन्य लोगों से लाखों रुपये ऐंठे हैं। मोहल्लेवासियों का कहना है कि कथित बाबा ने खुद को उत्तर प्रदेश के जौनपुर का निवासी बताया था और धर्म व आस्था के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाता था।
बीमारी ठीक करने से लेकर औलाद देने तक के दावे
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कथित बाबा किसी भी बीमारी को तंत्र-मंत्र से ठीक करने, नि:संतान दंपतियों को संतान दिलाने और लोगों की परेशानियां दूर करने का दावा करता था। वह अपने पास विशेष रूहानी शक्तियां होने की बात कहकर लोगों को प्रभावित करता था।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, कई लोगों से फोन-पे के माध्यम से डेढ़ लाख रुपये से अधिक की रकम ली गई। इसके बावजूद लोगों की समस्याएं दूर नहीं हुईं। अब पीड़ितों ने ऑनलाइन भुगतान के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे हैं।
GenZ भी बने कथित बाबा के निशाने पर
स्थानीय निवासी अनीश वारसी ने आरोप लगाया कि बाबा लोगों को नौकरी लगवाने, संतान प्राप्ति कराने और यहां तक कि मृत व्यक्ति को दोबारा जीवित करने जैसे चमत्कारों का भरोसा दिलाता था। उनका कहना है कि कथित बाबा का निशाना केवल बुजुर्ग या ग्रामीण लोग ही नहीं, बल्कि युवा वर्ग भी था।
अनीश वारसी के मुताबिक, हाल ही में एक व्यक्ति के बच्चे की तबीयत ठीक करने के नाम पर करीब 4.5 लाख रुपये लिए गए थे। हालांकि, दो महीने बाद बच्चे की मौत हो गई। जब इस मामले में जवाब मांगा गया तो कथित बाबा ने जिन्नात होने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
शिकायत लेकर थाने पहुंचे मोहल्लेवासी
कथित ठगी और धमकियों के आरोपों से नाराज मोहल्लेवासी एकजुट होकर कोतवाली थाने पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की।
शिकायत के साथ कथित ऑनलाइन लेनदेन के स्क्रीनशॉट की प्रतियां भी पुलिस को दी गई हैं। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।





