CG Job Fair 2026: छत्तीसगढ़ में 8 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती, रायपुर में इस तारीख से लगेगा दो दिवसीय रोजगार मेला

रायपुर: नौकरी की तलाश कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार का अवसर सामने आया है। प्रदेश में युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 7 और 8 अक्टूबर 2026 को रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
8 हजार से ज्यादा पदों पर रोजगार का मौका
राज्य स्तरीय रोजगार मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों में 8 हजार से अधिक रिक्त पदों पर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए प्रदेश के बड़े उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों को मेले में शामिल किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक रिक्त पदों पर युवाओं का चयन हो सके।
इच्छुक अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी देख सकते हैं और रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अपना पंजीयन भी करा सकते हैं।
चयनित युवाओं को मिलेगा ऑफर लेटर
राज्य और जिला स्तर पर आयोजित रोजगार मेलों में चयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ऑफर लेटर प्रदान करेंगे। इसके लिए जिलों से चयनित अभ्यर्थियों की सूची 1 अक्टूबर 2026 तक भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
रोजगार मेले में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलों में ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चयनित युवाओं की कार्यक्रम में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए भी जिला स्तर पर आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया है।
रोजगार मेले के लिए जरूरी दस्तावेज
रोजगार मेले में शामिल होने वाले युवाओं को आवश्यक दस्तावेज साथ रखने होंगे। इनमें प्रमुख रूप से:
- 10वीं की मार्कशीट
- 12वीं की मार्कशीट
- रोजगार पंजीयन प्रमाण पत्र
- मूल निवास प्रमाण पत्र
- अन्य आवश्यक दस्तावेज
शासन की ओर से जिला स्तर पर अधिकारियों को आयोजन की तैयारियां पूरी करने और अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं।





