Chhattisgarhछत्तीसगढ

छत्तीसगढ़ में जनगणना की तैयारी तेज, 25 जनवरी से शुरू होगा दूसरा चरण; कलेक्टरों को समयबद्ध कार्य के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस चरण में प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक जानकारी जुटाई जाएगी। जनगणना का कार्य फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रदेशभर में 72 हजार से अधिक प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की तैनाती की जाएगी। पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी।

जनगणना के तहत नागरिकों को 10 से 24 जनवरी 2027 तक स्व-गणना की सुविधा मिलेगी। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। स्व-गणना करना ऐच्छिक होगा, यानी नागरिक चाहें तो स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। यह अनिवार्य नहीं है।

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड, सरगुजा संभाग में 10 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा

मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को दिए समयबद्ध कार्य के निर्देश

जनगणना के कार्य को समयबद्ध, त्रुटिरहित और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के लिए मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी जिला कलेक्टरों, संभागायुक्तों और जिला जनगणना अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना के द्वितीय चरण में भी प्रथम चरण की तरह गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ काम किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को दिशा-निर्देशों का अध्ययन करने, टीम को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपने और मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

जनगणना में जुटाई जाएगी व्यक्तिगत जानकारी

जनगणना की डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल वृषाली वराडे ने बताया कि प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की गई थी। वहीं, दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी एकत्र की जाएगी। इसमें जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक विवरण शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर देश और राज्यों की विकास योजनाएं तथा नीतियां तैयार की जाती हैं। इसलिए आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता बेहद महत्वपूर्ण है। इसके लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के साथ उनका बेहतर प्रशिक्षण भी जरूरी है।

जनगणना में प्रजनन, दिव्यांगता, धर्म और जाति जैसे विषयों से जुड़े निर्धारित प्रश्न भी शामिल होंगे। अधिकारियों से सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने और जनगणना से संबंधित भ्रामक जानकारी या अफवाहों का तत्काल खंडन करने की अपील की गई।

72,769 प्रगणक और पर्यवेक्षक संभालेंगे जिम्मेदारी

प्रदेश के सभी 33 जिलों में जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके तहत 14 नगर निगमों, 19,978 गांवों और 195 नगरों को शामिल किया जाएगा। जनगणना के लिए 47 प्रमुख जनगणना अधिकारियों और 472 चार्ज के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था तैयार की गई है।

प्रदेश में अनुमानित 60,682 गणना ब्लॉक बनाए जाएंगे। इनके लिए आरक्षित कर्मियों सहित कुल 62,102 प्रगणकों और 10,667 पर्यवेक्षकों की आवश्यकता होगी। इस तरह लगभग 72,769 कर्मचारी जनगणना कार्य में लगाए जाएंगे। व्यवस्था के तहत करीब छह प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक तैनात रहेगा।

प्रत्येक गणना ब्लॉक में लगभग 800 लोगों की आबादी

प्रथम चरण में बनाए गए मकान सूचीकरण ब्लॉकों को दूसरे चरण में गणना ब्लॉकों में बदला जाएगा। प्रत्येक गणना ब्लॉक में लगभग 800 लोगों की आबादी शामिल होगी। अधिक जनसंख्या वाले ब्लॉकों को जरूरत के अनुसार उप-गणना ब्लॉकों में विभाजित किया जाएगा।

जनगणना में नई बसाहटों, झुग्गी बस्तियों, बहुमंजिला इमारतों और आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों को भी शामिल किया जाएगा। मकान सूचीकरण ब्लॉकों की सीमाओं में विसंगतियों, दोहराव और छूट गई बसाहटों का निराकरण 30 नवंबर 2026 तक करने के निर्देश दिए गए हैं।

पांच स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था

जनगणना कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पांच स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था बनाई गई है। राष्ट्रीय प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स तथा जिला और चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है।

फील्ड ट्रेनर्स के लिए 2 से 12 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों में तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक चार्ज स्तर पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

डिजिटल एप से होगी जनगणना की निगरानी

जनगणना के लिए विशेष मोबाइल एप तैयार किया गया है, जो 16 भाषाओं में उपलब्ध होगा। इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने पर भी एप के माध्यम से ऑफलाइन जानकारी दर्ज की जा सकेगी।

जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (CMMS) पोर्टल के जरिए गणना ब्लॉकों का गठन, कार्य आवंटन, प्रशिक्षण और कार्यों की निगरानी की जाएगी। नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने के लिए पासवर्ड, ओटीपी और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।

बस्तर के युवा ने हिमालय में लहराया परचम, 14,830 फीट की ऊंचाई पर पहुंचकर भुवनेश्वर कश्यप ने बढ़ाया प्रदेश का मान

नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने चलेगा जागरूकता अभियान

जनगणना के प्रति लोगों में विश्वास और सहयोग बढ़ाने के लिए दिसंबर 2026 के मध्य से 28 फरवरी 2027 तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न विभागों के सहयोग से जनगणना की प्रक्रिया, प्रमुख तिथियों और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा। साथ ही नागरिकों को स्पष्ट जानकारी देने पर जोर दिया कि जनगणना में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल आंकड़ों का संकलन है। इसका किसी प्रमाण पत्र या अन्य शासकीय पात्रता से कोई संबंध नहीं है।

जनगणना के सफल संचालन के लिए विभागीय समन्वय, नियमित निगरानी, तकनीकी सहयोग और आंकड़ों के सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026