BJYM नेता शुभांकर द्विवेदी गिरफ्तार, पुलिस स्टेशन में तोड़फोड़ और TI से बदसलूकी का आरोप

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भाजयुमो नेता शुभांकर द्विवेदी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर जब्त DJ वाहन को छुड़ाने के दौरान गुढ़ियारी थाना परिसर में तोड़फोड़ करने और थाना प्रभारी (TI) के साथ बदसलूकी करने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य आरोपों के तहत एफआईआर दर्ज की थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
DJ वाहन छुड़ाने थाने पहुंचे थे शुभांकर द्विवेदी
जानकारी के मुताबिक, गणेश पक्ष के दौरान निर्धारित समय-सीमा के बाद DJ बजाने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर लिया था। इसी वाहन को छुड़ाने के लिए भाजयुमो नेता शुभांकर द्विवेदी गुढ़ियारी थाने पहुंचे थे।
आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए उन्होंने थाना प्रभारी के कक्ष में तोड़फोड़ की और TI नरेंद्र साहू के साथ बदसलूकी की। घटना के बाद पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और तोड़फोड़ के आरोप में मामला दर्ज किया।
घर पर दबिश के दौरान नहीं मिले थे आरोपी
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने शुभांकर द्विवेदी की तलाश शुरू की। पुलिस उनके घर भी पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिले। बाद में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अब गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
सोशल मीडिया पर जारी किए थे वीडियो
घटना के बाद शुभांकर द्विवेदी ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो जारी किए थे, जिनमें उन्होंने पुलिस के खिलाफ बयान दिए। मामला सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी प्रतिक्रिया देखने को मिली। शहर कांग्रेस रायपुर के अध्यक्ष मेनन ने आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की थी।
साहू संघ ने की निष्पक्ष जांच की मांग
गुढ़ियारी थाना प्रभारी नरेंद्र साहू के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ ने भी हस्तक्षेप किया था। संघ ने पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला को पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष और जल्द जांच कराने की मांग की।
साथ ही, संघ ने मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग भी उठाई थी। अब शुभांकर द्विवेदी की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





