कोरबा में राहगीर से मोबाइल और नगदी लूटने वाले दो शातिर आरोपी गिरफ्तार, उरगा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सतपाल सिंह
कोरबा में राहगीर से मोबाइल और नगदी लूटने वाले दो शातिर आरोपी गिरफ्तार, उरगा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

• खनन कर्मी बताकर दिया था वारदात को अंजाम, उरगा चौक पर मोबाइल बेचते धरे गए
• वारदात में इस्तेमाल बाइक, मोबाइल और नगदी बरामद, कोर्ट ने 24 अक्टूबर तक भेजा जेल
कोरबा। उरगा थाना पुलिस ने एक राहगीर से मोबाइल और नगदी झपटकर भागने वाले दो शातिर आरोपियों को मुस्तैदी दिखाते हुए चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नगदी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 24 अक्टूबर तक के लिए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शनिवार (17 अक्टूबर) को ट्रेलर नंबर CG 12 BN 4977 लेकर गेवर्रा से रायगढ़ की ओर जा रहा था। दोपहर करीब 2 बजे कमरीचोली मेन रोड के पास गाड़ी खड़ी कर वह जैसे ही नीचे उतरा, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों ने खुद को माइनिंग (खनन) कर्मचारी बताया और बातचीत के बहाने प्रार्थी को उलझा लिया। इसी बीच आरोपियों ने अपना नाम केसरी नन्दन वैष्णव और ललित कुमार चौहान बताया और अचानक प्रार्थी पर झपट्टा मारकर उसका ओप्पो (OPPO) कंपनी का मोबाइल फोन और ₹500 नगद लूटकर अपनी बाइक (CG 12 BS 0751) से फरार हो गए।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पीड़ित की शिकायत पर उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 578/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तत्काल अपने सूचना तंत्र और मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली कि उरगा चौक पर दो संदिग्ध युवक बेहद कम दाम में मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं।
घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
सूचना मिलते ही उरगा पुलिस की टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदेहियों को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी केसरी नन्दन वैष्णव से लूटा गया ओप्पो मोबाइल और ललित कुमार चौहान से ₹500 नगद सहित वारदात में इस्तेमाल काले रंग की एचएफ डीलक्स (HF Deluxe) मोटरसाइकिल जब्त की है।
आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे
पकड़े गए आरोपियों में केसरी नन्दन वैष्णव (36 वर्ष, निवासी पाण्डेय चाल, उरगा चौक) और ललित कुमार चौहान (22 वर्ष, निवासी कटबितला) शामिल हैं। उरगा पुलिस ने रविवार (18 अक्टूबर) को दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट के समक्ष पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें 24 अक्टूबर तक के लिए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कोरबा पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए एक बार फिर ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ के ध्येय को चरितार्थ किया है।





