खुली नाली बनी मौत का कारण, उसमें गिरकर युवक की दर्दनाक मौत

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर में एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में सड़क किनारे बनी करीब तीन फीट गहरी खुली नाली में गिर गया। हादसे के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद नगर में खुली नालियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना 29 अक्टूबर की रात तखतपुर के होलिका चौक के पास हुई। मृतक की पहचान संतोष देवांगन उर्फ शारूख, पिता समारू देवांगन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शारूख रात में नशे की हालत में होलिका चौक के आसपास घूम रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बनी लगभग तीन फीट गहरी नाली में जा गिरा।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को नाली से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने एक बार फिर शहर में खुली नालियों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





