Raipur ED Raid: रायपुर में ED की बड़ी कार्रवाई, 3-4 ठिकानों पर एक साथ मारी दबिश

Raipur ED Raid: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। ED की अलग-अलग टीमें शहर में 3 से 4 ठिकानों पर दबिश देकर जांच कर रही हैं। इस कार्रवाई के दौरान चर्चित शराब घोटाला मामले के आरोपी अनवर ढेबर के आवास पर भी अधिकारियों की टीम पहुंची है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह से ही ED के अधिकारी अलग-अलग स्थानों पर दस्तावेजों की जांच और पूछताछ में जुटे हुए हैं। अनवर ढेबर के घर पर भी टीम ने छापेमारी की है। कार्रवाई को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर आवास के बाहर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। फिलहाल ED की इस कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पहले भी कई ठिकानों पर हो चुकी है छापेमारी
गौरतलब है कि हाल ही में ED ने रायपुर के पंडरी क्षेत्र स्थित रवि नगर के सुशील विला और दुर्ग के ऋषभ ग्रीन सिटी में भी छापेमारी की थी। रायपुर में कारोबारी नितिन डागा के आवास पर दो गाड़ियों से पहुंचे अधिकारियों ने कई दस्तावेजों की जांच की थी।
वहीं, दुर्ग के ऋषभ ग्रीन सिटी स्थित E-701 में ट्रांसपोर्ट और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े गुलशन बघेल के घर पर भी ED की टीम पहुंची थी। करीब 10 सदस्यीय टीम सुबह 6 बजे उनके आवास पर पहुंची और दस्तावेजों की जांच की थी। फिलहाल रायपुर में जारी ताजा कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।





