चक्रवाती तूफान का कहर: कोरबा में आज होने वाला ‘अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन’ स्थगित, नई तारीखों का जल्द होगा एलान
सतपाल सिंह
चक्रवाती तूफान का कहर: कोरबा में आज होने वाला ‘अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन’ स्थगित, नई तारीखों का जल्द होगा एलान

कोरबा।
निहारिका स्थित घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम में आज (30 अक्टूबर) आयोजित होने वाला बहुप्रतीक्षित ‘अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन-2026’ चक्रवाती तूफान और भारी बारिश के चलते स्थगित कर दिया गया है। आयोजकों ने खराब मौसम और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस कार्यक्रम को फिलहाल टालने का फैसला किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से विख्यात हास्य, व्यंग्य और श्रृंगार रस के कवियों को शामिल होना था। आमंत्रित कवियों में प्रयागराज से अखिलेश द्विवेदी, रायपुर से मीर अली मीर, पश्चिम बंगाल से पवन बांके बिहारी, कटनी से प्रियंका मिश्रा, कोरबा से हिरामणी वैष्णव, बिलाईगढ़ से शशि भूषण स्नेही और बरमकेला से कमलेश यादव ‘धाकड़’ जैसे बड़े नाम अपनी काव्य प्रस्तुतियां देने वाले थे।
मौसम के अचानक बदले मिजाज और चक्रवाती बारिश की चेतावनी को देखते हुए आयोजन समिति ने “विशेष सूचना” जारी कर कार्यक्रम को स्थगित करने की घोषणा की है। आयोजकों ने दर्शकों को हुई असुविधा के लिए खेद प्रकट करते हुए कहा है कि कार्यक्रम की नई तिथि की घोषणा जल्द ही की जाएगी। यह आयोजन अमृत संदेश, डीबी लाइव छत्तीसगढ़, टीएनपी न्यूज और बीसीसी न्यूज के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।





