
Jorhat Air force Aircraft Crash: असम के जोरहाट में भारतीय वायु सेना के ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट क्रैश में 5 जवान शहीद हो गए. भारतीय वायु सेना के अधिकारियों ने इस 5 जवानों की शहादत की पुष्टि की है. शहीद जवानों की पहचान स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीर वायु दानिश आलम के रूप में हुई है. यह हादसा शनिवार को जोरहाट एयर बेस में हुआ. शुरुआती जानकारी के अनुसार वायु सेना का ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट AN-32 जोरहाट स्टेशन में ही गिरा. गिरते ही उसमें तेज आग लग गई थी. हादसे से जुड़ी जो तस्वीरें और वीडियो सामने आए, उसमें ट्रांसपोर्ट एयरक्रॉफ्ट दो टुकड़ों में बंटा नजर आया.
कोर्ट ऑफ़ इन्क्वायरी के आदेश
अब वायुसेना की आधिकारिक पुष्टि के साथ यह साफ हो गई कि इस हादसे में 5 जवानों की मौत हो गई है. फिलहाल वायसेना की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमें मौके पर काम में जुटी हैं. वायुसेना ने क्रैश का कारण जानने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश भी दिए हैं. इस हादसे में एक को-पायलट बच गया है और उसका इलाज किया जा रहा है. क्रैश की वजह का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ़ इन्क्वायरी के आदेश दिए हैं.
वायुसेना ने शहीद जवानों को दी श्रद्धाजंलि
भारतीय वायु सेना ने इस हादसे में 5 जवानों की मौत की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा- भारतीय वायु सेना को असम के जोरहाट में An-32 विमान दुर्घटना में अपने पांच कर्मियों के खोने का गहरा दुख है. स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीर वायु दानिश आलम ने ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया. वायुसेना ने अपने पोस्ट में लिखा कि भारतीय वायु सेना शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है और दुख की इस घड़ी में मजबूती से उनके साथ खड़ी है.





