NATIONALभारत

Twisha Sharma Death Case: भोपाल में निष्पक्ष सुनवाई संभव नहीं… CBI ने क्यों कहा ऐसा, जान लीजिए

Twisha Sharma Death Case: ट्विशा शर्मा मौत मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने ट्विशा के पिता की याचिका का समर्थन करते हुए सुप्रीम कोर्ट में कहा है कि भोपाल में मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र सुनवाई संभव नहीं है। ऐसे में मुकदमे की सुनवाई मध्य प्रदेश से बाहर स्थानांतरित की जानी चाहिए। सीबीआई ने अपने हलफनामे में कहा है कि मामले की प्रमुख आरोपी और पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह प्रभावशाली हैं। ऐसे में ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही प्रभावित होने और गवाहों को डराने-धमकाने की आशंका है। सुप्रीम कोर्ट इस मामले में एक सप्ताह बाद सुनवाई करेगा।

साधु-बाबा का भेष धरकर लाखों की ठगी, पूजा-पाठ के नाम पर लोगों को बनाया शिकार; नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार

अपराध स्थल और सबूतों से छेड़छाड़ का आरोप

सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में आरोप लगाया है कि घटना के बाद अपराध स्थल को प्रभावित करने और सबूतों से छेड़छाड़ करने की कोशिश की गई थी। जांच के दौरान भी साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ के प्रयास सामने आए। एजेंसी के मुताबिक, राज्य पुलिस की जांच में भी गिरिबाला सिंह के अनुचित हस्तक्षेप से जुड़ी कई घटनाएं सामने आई हैं।

सीबीआई ने यह भी कहा है कि घटना के बाद गिरिबाला सिंह ने कथित तौर पर अपराध स्थल को अपने हिसाब से व्यवस्थित करने और सबूतों को प्रभावित करने की कोशिश की। एजेंसी का मानना है कि उनकी प्रभावशाली स्थिति के कारण मुकदमे की कार्यवाही और गवाहों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

सुप्रीम कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही पर लगाई थी रोक

गौरतलब है कि इसी महीने सुप्रीम कोर्ट ने ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़े मामले में भोपाल की ट्रायल कोर्ट में चल रही कार्यवाही पर अगले आदेश तक रोक लगा दी थी। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा की ओर से दाखिल ट्रांसफर याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिया था।

कोर्ट ने सीबीआई और आरोपियों को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने को कहा था।

दिल्ली ट्रांसफर करने की मांग

ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर मामले की सुनवाई भोपाल की सेशंस कोर्ट से दिल्ली की सक्षम अदालत में स्थानांतरित करने की मांग की है। याचिका में कहा गया है कि निष्पक्ष और स्वतंत्र सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए मुकदमे को मध्य प्रदेश से बाहर भेजा जाना जरूरी है।

शस्त्र पूजन के बाद फायरिंग का विवाद बढ़ा: अब छत्तीसगढ़ के एक और SP का वीडियो वायरल, PHQ ने मांगा जवाब

गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को नोटिस

इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई के साथ आरोपी समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को भी नोटिस जारी किया था। अब सीबीआई द्वारा ट्रायल ट्रांसफर की मांग का समर्थन किए जाने के बाद मामले में अगली सुनवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सुप्रीम कोर्ट के अगले आदेश से यह स्पष्ट होगा कि मुकदमे की सुनवाई भोपाल में होगी या दिल्ली स्थानांतरित की जाएगी।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026