शराब के नशे में स्कूल पहुंचे प्रधानपाठक, शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित

कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। यहां एक शासकीय स्कूल के प्रधानपाठक कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंच गए। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पूरा मामला दुर्गूकोंदल विकासखंड के मंगहूर प्राथमिक शाला का है। जानकारी के मुताबिक, स्कूल में पदस्थ प्रधानपाठक अशोक बेलसरिया बुधवार को कथित रूप से शराब के नशे में पहुंचे थे।
CG News: चार करोड़ की वसूली के लिए कारोबारी से मारपीट और धमकी, अनवर ढेबर समेत 6 के खिलाफ FIR दर्ज
घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके खिलाफ बड़गांव पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई की है। संयुक्त संचालक ने प्रधानपाठक अशोक बेलसरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है।
गौरतलब है कि जिला कलेक्टर कुंदन कुमार जिले की शिक्षा व्यवस्था में सुधार, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और स्कूलों में अनुशासन बनाए रखने को लेकर लगातार निर्देश दे रहे हैं। ऐसे में शासकीय स्कूल के प्रधानपाठक पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का आरोप लगने से शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, शिक्षा विभाग ने प्रधानपाठक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई कर दी है।





