बस्तर को मिल सकती है वंदे भारत ट्रेन की सौगात, जगदलपुर में बनेगा कोचिंग और मेंटेनेंस डिपो

जगदलपुर। बस्तर की रेल कनेक्टिविटी को बेहतर और आधुनिक बनाने के लिए रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आने वाले समय में क्षेत्र के लोगों को वंदे भारत ट्रेन की सुविधा मिल सकती है। इसके लिए जगदलपुर में ही कोचिंग और मेंटेनेंस डिपो विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। रेलवे इस प्रस्ताव को अंतिम रूप देने में जुटा है। ओडिशा रेल मंडल के डीआरएम अमिताभ सिंघल ने जगदलपुर दौरे के दौरान इस योजना की जानकारी दी। इसके साथ ही बस्तर के रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
रेलवे की योजना के अनुसार जगदलपुर में कोचिंग डिपो स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसे जल्द ही रेलवे बोर्ड के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। यदि प्रस्ताव को स्वीकृति मिलती है तो जगदलपुर में आधुनिक ट्रेनों के रखरखाव की सुविधा विकसित हो सकेगी। इससे भविष्य में वंदे भारत जैसी अत्याधुनिक ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं भी मजबूत होंगी। हालांकि, फिलहाल वंदे भारत ट्रेन के संचालन को लेकर रेलवे की ओर से कोई अंतिम मंजूरी या आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे बस्तर के रेलवे स्टेशन
रेलवे की ओर से बस्तर के स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार करने और उन्हें आधुनिक स्वरूप देने पर भी काम किया जा रहा है। बड़े आरापुर रेलवे स्टेशन के नए भवन का निर्माण जल्द पूरा करने की तैयारी है। वहीं, जगदलपुर रेलवे स्टेशन पर स्थापित लिफ्ट को भी जल्द यात्रियों के उपयोग के लिए शुरू किया जाएगा।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तैयार किए गए नए स्टेशन भवन के लोकार्पण की तैयारियां भी की जा रही हैं। इन विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लेने के लिए डीआरएम अमिताभ सिंघल ने दंतेवाड़ा, तोकापाल और बड़े आरापुर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया।
छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर भर्ती, आज से आवेदन शुरू, 4 दिसंबर तक मिलेगा मौका
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुविधाएं शुरू करने के निर्देश दिए। रेलवे की इन पहलों से आने वाले समय में बस्तर की रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है।




