Babu Khemani case: ऑनलाइन सट्टा ऐप नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, खेमानी के भाई समेत दो और आरोपी गिरफ्तार, कुल गिरफ्तारी 29 तक पहुंची

Babu Khemani case: छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सट्टा ऐप नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड बाबू खेमानी के करीबी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में संदीप इसरानी उर्फ गोलू (40) और मनसून रजा (23) शामिल हैं, जो सट्टा नेटवर्क को संचालित करने में अहम भूमिका निभा रहे थे। पुलिस पहले ही इस गिरोह के मुख्य सरगना बाबू खेमानी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मोबाइल नंबर और बैंक खाते उपलब्ध कराते थे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी ग्रामीणों से मोबाइल नंबर और बैंक खाते हासिल करते थे, जिन्हें सट्टा ऐप के संचालन के लिए बाबू खेमानी को उपलब्ध कराया जाता था। ये खाते अवैध सट्टेबाजी से कमाए गए पैसों को ट्रांजैक्ट और छिपाने के लिए इस्तेमाल किए जाते थे।
कमीशन के बदले करते थे ट्रांजैक्शन
आरोपी सट्टे से अर्जित रकम को अपने बैंक खातों में लेकर उसे आगे गिरोह तक ट्रांसफर करते थे। इसके बदले उन्हें मोटा कमीशन मिलता था। पुलिस के मुताबिक, जब्त की गई कई मोबाइल सिम संदीप इसरानी के नाम पर पाई गई हैं।
महासमुंद से हुई गिरफ्तारी
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को महासमुंद से गिरफ्तार किया। इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) और मध्य क्षेत्र के अधिकारियों द्वारा की जा रही थी।
अब तक 29 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस अब तक कुल 29 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले 13 अप्रैल को बाबू उर्फ गुलशन खेमानी सहित 27 आरोपियों को पकड़ा गया था, जिनके पास से करीब 1.20 करोड़ रुपए के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामग्री जब्त की गई थी।
परिवार के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, बाबू खेमानी अपने भाई करण के साथ मिलकर सट्टा ऐप का संचालन करता था। उसने इसके लिए 50 से अधिक फर्जी आईडी बना रखी थीं। अब पुलिस खेमानी के पिता और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।






