FF 48, AMBE ANJANI E PLAZA, CMD SQUARE, BILASPUR

CG Election 2023: भाजपा ने पूर्व सीएम समेत 16 पूर्व मंत्रियों को दिया टिकट, पिछले चुनाव में हारे सात मंत्रियों पर लगाया दांव

Chhattisgarh Election 2023: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 में सत्ता वापसी और हारी हुई सीटों को पाने के लिए भाजपा संगठन ने ताकत झोंक दी है। भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए 90 विधानसभा में से अब तक 85 प्रत्याशी मैदान में उतारा है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह समेत उनके तीन कार्यकाल के कैबिनेट के 16 पूर्व मंत्रियों पर भी भरोसा जताया गया है। इनमें से आठ ऐसे हैं, जो पिछले विधानसभा चुनाव 2018 में चुनाव हार गए थे।

राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो भाजपा भले ही सीएम पद के लिए किसी चेहरे को सामने रखकर चुनाव नहीं लड़ेगी, लेकिन जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रमों में रमन सिंह प्राथमिकता में रहे, पार्टी के हर कार्यक्रमों में, चुनावी सभाओं में, बैनर-पोस्टर आदि में रमन सिंह को महत्व मिल रहा है, उससे यह स्पष्ट है कि इस बार टिकट वितरण में भी रमन की चली है। रमन कैबिनेट के पूर्व मंत्रियों को चुनावी मैदान में उतारकर भाजपा ने चुनावी समीकरण साधने की कोशिश की है। इसके अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री समेत चार सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय को भी मैदान में उतारा गया है।

बस्तर संभाग के चार पूर्व मंत्री मैदान में

बस्तर संभाग में रमन कैबिनेट की पूर्व मंत्री लता उसेंडी को भाजपा ने उतारा है। लता संगठन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का दायित्व भी संभाल रही हैं। पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में बस्तर क्षेत्र में भाजपा के खराब प्रदर्शन को देखते हुए लता को आगे किया गया है। इसी के साथ पूर्व मंत्री केदार कश्यप, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा और पूर्व मंत्री विक्रम उसेंडी को भी मैदान में उतारा गया है। बस्तर की 12 विधानसभा सीट कांग्रेस के पास है और बस्तर लोकसभा सीट पर भी कांग्रेस के सांसद हैं।

रायपुर-दुर्ग संभाग: रमन समेत छह पर दांव

दुर्ग संभाग में पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह राजनांदगांव से चुनावी मैदान में हैं। इसी संभाग से पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय व दयालदास बघेल शामिल हैं। रायपुर संभाग की बात करें तो यहां पूर्व मंत्रियों में बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत, अजय चंद्राकर शामिल हैं। वर्तमान में रायपुर संभाग 20 विधानसभा सीट में से 14 कांग्रेस के पास, 05 भाजपा और 01 सीट छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के पास है। वहीं दुर्ग संभाग की 20 सीट में से 18 सीट कांग्रेस और 02 सीट पर भाजपा है।

सरगुजा-बिलासपुर संभाग से छह पूर्व मंत्री मैदान में

सरगुजा संभाग रमन कैबिनेट की पूर्व मंत्री व वर्तमान में केंद्रीय राज्यमंत्री (सांसद) रेणुका सिंह मैदान में हैं। आदिवासी नेत्री होने के कारण इनकी क्षेत्र में बेहतर पकड़ है। इसके अलावा इसी संभाग से पूर्व मंत्री रामविचार नेताम भी चुनावी मैदान में हैं। सरगुजा संभाग की सभी 14 विधानसभा सीटें अभी कांग्रेस के पास है। बिलासपुर संभाग की बात करें यहां से पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर, पुन्नूलाल मोहिले, अमर अग्रवाल और डा. कृष्णमूर्ति बांधी को भाजपा ने चुनावी रण में उतारा है। बिलासपुर संभाग की 24 में से 13 सीट कांग्रेस, 07 भाजपा, 02 बसपा और 02 छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस(जे) के पास है।

विधानसभा चुनाव 2008 में ये मंत्री हारे थे चुनाव

नाम विधानसभा क्षेत्र

राजेश मूणत रायपुर पश्चिम

प्रेमप्रकाश पांडेय भिलाई नगर

भैयालाल राजवाड़े बैकुंठपुर

रामसेवक पैकरा प्रतापपुर

अमर अग्रवाल बिलासपुर

दयालदास बघेल नवागढ़

केदार कश्यप नारायणपुर

महेश गागड़ा बीजापुर

INN24 ADMIN

The Admin account represents the management and publishing authority of INN24 News. The platform is operated and supervised from Bilaspur, Chhattisgarh, India, ensuring compliance with editorial standards, transparency policies, and responsible digital publishing practices. INN24 News is managed under the ownership of Orbit Media Group, with the Admin responsible for overseeing content publication, editorial coordination, and platform integrity. This account is used strictly for administrative and publishing purposes and does not represent individual opinion or authorship unless explicitly mentioned.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *