Chhattisgarhछत्तीसगढ

छत्तीसगढ़ में 2028 चुनाव के लिए BJP का नया प्लान, रेड-येलो-ग्रीन श्रेणियों में बंटे बूथ

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव 2028 से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में जिन 36 सीटों पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था, अब उन क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने की रणनीति बनाई जा रही है। प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी की निगरानी में इन विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी निगम-मंडलों के अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं को सौंपी जा रही है। पार्टी का लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव में इन कमजोर सीटों पर बेहतर प्रदर्शन करना है।

CG Crime News: शराब पीकर घर पहुंचे पिता से हुआ विवाद, बेटे ने की हत्या

हारी हुई 36 सीटों पर BJP का विशेष फोकस

वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 54 सीटों पर जीत दर्ज कर सत्ता में वापसी की थी। वहीं कांग्रेस को 35 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को एक सीट मिली थी। अब भाजपा उन 36 विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा कर रही है, जहां पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। इन सीटों में संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और पिछले चुनाव के प्रदर्शन का आकलन किया जा रहा है। पार्टी ने इनमें से करीब 80 प्रतिशत सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य रखा है।

रेड, येलो और ग्रीन श्रेणियों में बांटे गए बूथ

भाजपा ने विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों को पिछले चुनावी प्रदर्शन के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा है। रेड बूथ वे हैं, जहां पार्टी को अब तक जीत नहीं मिली है। येलो बूथ उन केंद्रों को बनाया गया है, जहां भाजपा और कांग्रेस को अलग-अलग चुनावों में जीत मिलती रही है। वहीं ग्रीन बूथ वे हैं, जहां भाजपा लगातार जीत दर्ज करती आई है। संगठन की योजना कमजोर बूथों पर विशेष ध्यान देने और वहां नियमित समीक्षा करने की है।

1 से 25 दिसंबर तक चलेगा सेवा-दूत अभियान

संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए भाजपा एक दिसंबर से 25 दिसंबर तक प्रदेश में सेवा-दूत अभियान चलाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत शहरी क्षेत्रों में एक और ग्रामीण क्षेत्रों में दो सेवा-दूत नियुक्त किए जाएंगे। ये सेवा-दूत स्थानीय नागरिकों से संपर्क कर सेवा गतिविधियों में भाग लेंगे। इस अभियान में निगम-मंडल अध्यक्षों को भी जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश के 17 नगरीय निकायों में प्रस्तावित चुनावों की तैयारियां भी की जाएंगी।

पाटन, खरसिया, कोटा और कोंटा पर खास नजर

भाजपा ने उन विधानसभा क्षेत्रों को प्राथमिकता में रखा है, जहां पिछले चुनावों में पार्टी को लगातार हार का सामना करना पड़ा है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रभाव वाला पाटन विधानसभा क्षेत्र, खरसिया, कोटा और कोंटा शामिल हैं। इसके अलावा बालोद जिले की बालोद, डौंडीलोहारा और गुंडरदेही सीटों पर भी संगठन विशेष ध्यान दे रहा है। बस्तर और सरगुजा संभाग के कमजोर क्षेत्रों की भी समीक्षा की जा रही है।

विधानसभा प्रभारियों को दी गई सात सूत्रीय जिम्मेदारी

हारी हुई विधानसभा सीटों पर नियुक्त प्रभारियों को सात प्रमुख जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें नियमित क्षेत्रीय प्रवास, बूथ स्तर पर संगठन की समीक्षा, शक्ति केंद्रों का गठन और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी जुटाना शामिल है। प्रभारियों को हर महीने अपने विधानसभा क्षेत्र में नियमित समय देना होगा। इसके अलावा प्रत्येक तीन महीने में क्षेत्रीय सह-संगठन महामंत्री के सामने अपनी गतिविधियों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करना होगा।

रूहानी ताकतों का दावा कर लोगों को बनाया निशाना? ‘बाबे शिफा’ के खिलाफ शिकायतों का अंबार, FIR की मांग

इन नेताओं को मिली विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी

पार्टी सूत्रों के अनुसार, विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में निगम-मंडलों से जुड़े वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी बनाया गया है। इनमें संजय श्रीवास्तव को डोंगरगांव, राजीव अग्रवाल को पाटन, भूपेंद्र सवन्नी को जांजगीर-चांपा, श्रीनिवास राव मद्दी को बस्तर और रजनीश सिंह को खरसिया की जिम्मेदारी दी गई है।

बताया जा रहा है कि भाजपा ने हारी हुई सभी 36 विधानसभा सीटों पर प्रभारी नियुक्त किए हैं। हालांकि, इन नियुक्तियों की पूरी आधिकारिक सूची अभी उपलब्ध नहीं है। विधानसभा चुनाव 2028 से पहले पार्टी की यह रणनीति संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी चुनावों में अपनी स्थिति बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026