कोरबा कलेक्टर के आदेश हवा में: दरक चुके कुदुरमाल पुल से गुजर रहीं स्कूली बसें, नौनिहालों की जान से खिलवाड़
सतपाल सिंह के साथ ओमकार यादव की खबर

कोरबा कलेक्टर के आदेश हवा में: दरक चुके कुदुरमाल पुल से गुजर रहीं स्कूली बसें, नौनिहालों की जान से खिलवाड..

शॉर्टकट के चक्कर में प्रशासनिक आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और मासूम स्कूली बच्चों की जान दांव पर लगाई जा रही है। उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत हसदेव नदी पर बने जर्जर कुदुरमाल पुल से पिछले एक साल से आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित है, लेकिन इसके बावजूद वहां से न केवल छोटे वाहन बल्कि भारी वाहन और स्कूली बसें भी बेखौफ गुजर रही हैं।

अवरोधक हटाकर बनाया रास्ता, वीडियो वायरल
मिली जानकारी के अनुसार, पुल के दोनों सिरों पर प्रशासन द्वारा रास्ता रोकने के लिए डाली गई मिट्टी को अज्ञात लोगों ने हटा दिया है। हाल ही में सामने आए एक वीडियो ने प्रशासनिक लापरवाही की पोल खोल दी है, जिसमें ‘आर्यन पब्लिक स्कूल’ की एक बस बच्चों से भरी हालत में इस जर्जर पुल को पार करती नजर आ रही है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, दिन में स्कूल बसें और कारें गुजर रही हैं, तो वहीं रात के अंधेरे में खाली ट्रेलर जैसे भारी वाहन भी इस खतरनाक पुल से पार हो रहे हैं।
एक साल पहले धंसा था पुल का हिस्सा
गौरतलब है कि पिछले साल नवंबर 2025 में कुदुरमाल पुल का एक हिस्सा धंसने लगा था। संबंधित विभाग की तकनीकी जांच में पुल के टूटने की पुष्टि होने के बाद, किसी बड़ी अनहोनी की आशंका को देखते हुए कोरबा कलेक्टर ने इस मार्ग को तत्काल प्रभाव से सील करने का आदेश दिया था। शुरुआती कुछ महीनों तक सख्ती रही, लेकिन निगरानी कम होते ही पहले दोपहिया और अब भारी वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है।
बड़ा सवाल: हादसे का जिम्मेदार कौन?
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि एक तरफ स्कूल प्रबंधन और वाहन चालक बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौन साधे बैठा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि एक साल बीत जाने के बाद भी प्रशासन न तो आवागमन के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था कर पाया है और न ही नए पुल के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाई गई है। यदि समय रहते सख्ती नहीं बरती गई, तो यह लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।
(इनपुट: सतपाल सिंह के साथ ओम गवेल)





