Chhattisgarh News: मुक्तिधाम से बुजुर्ग महिला की अस्थियां चोरी! चिता स्थल पर मिला नारियल और दीया, गांव में फैली दहशत

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मुक्तिधाम से बुजुर्ग महिला की अस्थियां गायब होने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अंतिम संस्कार के अगले दिन जब परिजन अस्थियां लेने पहुंचे तो चिता स्थल पर नारियल, दिया और अगरबत्ती रखे मिले, जबकि राख से अस्थियां गायब थीं। घटना के बाद परिवार में आक्रोश और भय का माहौल है। परिजनों ने गुरुर थाने में शिकायत दर्ज कर अस्थियां बरामद करने की मांग की है। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में इस तरह की यह तीसरी घटना है।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी की मनाई गई जयंती
अंतिम संस्कार के दूसरे दिन मुक्तिधाम पहुंचे परिजन
मामला गुरुर ब्लॉक के ग्राम खैरवाही का है। यहां रहने वाली 94 वर्षीय विद्यावती रुखमणी शर्मा का 12 नवंबर की रात करीब 11 बजे निधन हो गया था। 13 नवंबर को दोपहर साढ़े 12 बजे गांव के मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
14 नवंबर की शाम उनके बड़े बेटे बालमुकुंद शर्मा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पूजा और अस्थियां एकत्र करने मुक्तिधाम पहुंचे। वहां चिता स्थल पर नारियल, दिया और अगरबत्ती रखे देखकर वे चौंक गए। जब उन्होंने ठंडी हो चुकी राख में अस्थियां तलाशनी शुरू कीं तो वे वहां नहीं मिलीं।
इसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी और गांव में भी अस्थियों के बारे में पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। आखिरकार परिवार ने गुरुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और अस्थियां खोजकर वापस दिलाने की मांग की।
परिवार ने जताई नाराजगी, उठाए कई सवाल
दिवंगत महिला की पोती ने बताया कि उनकी दादी ने 94 साल का जीवन सुरक्षित तरीके से बिताया, लेकिन निधन के बाद परिवार उनकी अस्थियों को सुरक्षित नहीं रख पाया। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चिता स्थल पर पूजा-पाठ करने के बाद अस्थियां ले जाने की आशंका है।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसने और किस उद्देश्य से अस्थियां उठाई हैं? इस घटना से पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान है। परिजनों के लिए यह बेहद दुखद और भावनाओं को आहत करने वाला मामला है।
प्रयागराज में गंगा विसर्जन करना चाहते थे परिजन
विद्यावती रुखमणी शर्मा के मंझले बेटे और सिंचाई विभाग के पूर्व एसडीओ रामेश्वर प्रसाद शर्मा ने बताया कि उनकी मां धार्मिक प्रवृत्ति की थीं और परिवार के सभी धार्मिक आयोजनों में सक्रिय रहती थीं। उनकी इच्छा थी कि निधन के बाद उनकी अस्थियों को प्रयागराज ले जाकर मां गंगा में विसर्जित किया जाए।
परिवार के सदस्य बालमुकुंद शर्मा, गिरेन्द्र कुमार शर्मा, श्याममूर्ति शर्मा और शारदा प्रसाद शर्मा सहित सभी लोग उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार विधि-विधान से अस्थि विसर्जन करना चाहते थे। हालांकि, अस्थियां गायब होने से उनकी यह इच्छा अधूरी रह गई है।
रामेश्वर प्रसाद शर्मा ने पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज कर दोषी की पहचान करने, उसे गिरफ्तार करने और अस्थियां बरामद कर परिवार को सौंपने की मांग की है।
मुक्तिधाम में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी दो घटनाएं
ग्रामीणों के अनुसार, खैरवाही के मुक्तिधाम में अस्थियां गायब होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी दो बार इसी तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
ग्रामीण इंद्रजीत सिन्हा ने बताया कि वर्ष 2025 में उनके पिता के निधन के बाद इसी मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया था। जब वे अस्थियां लेने पहुंचे तो वे भी गायब मिली थीं। उस समय उन्होंने गांव में इसकी जानकारी दी थी, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
अब तीसरी बार इसी तरह की घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी के साथ डर का माहौल है। लोग मुक्तिधाम में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
शिकायत के बाद पुलिस करेगी जांच
गुरुर थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। फिलहाल परिवार के सदस्य क्रियाकर्म में व्यस्त हैं। उनके बयान दर्ज करने के बाद मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद ही घटना से जुड़ी वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





