उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ कुसमुंडा क्षेत्र में संपन्न हुआ लोकआस्था का महापर्व छठ
सतपाल सिंह

उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ कुसमुंडा क्षेत्र में संपन्न हुआ लोकआस्था का महापर्व छठ..
कुसमुंडा (कोरबा)। लोकआस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा का आज सोमवार सुबह उदयाचलगामी (उगते) सूर्य को अर्घ्य देने के साथ विधिवत समापन हो गया।
कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र अंतर्गत विकास नगर, आदर्श नगर और आसपास के कोयलांचल क्षेत्रों के छठ घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा।

घाटों पर दिखा भक्तिमय माहौल
भोर से ही व्रती और उनके परिजन बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, मौसमी फल, गन्ना और पूजा सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचने लगे थे। विकास नगर में अहिरन नदी के पानी और आदर्श नगर में तालाब में खड़े होकर व्रतियों ने भगवान भास्कर के उदय होने की प्रतीक्षा की और सूर्य की पहली किरण दिखते ही दूध व जल से अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूरे वातावरण में छठ मइया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे।
प्रशासन और समितियों की रही पुख्ता व्यवस्था
कुसमुंडा क्षेत्र के प्रमुख तालाब, नदी के घाटों पर स्थानीय छठ पूजा समितियों व एसईसीएल (SECL) प्रबंधन की ओर से विशेष साफ-सफाई, आकर्षक विद्युत सजावट और सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। प्रशासन की ओर से किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल और गोताखोरों की भी तैनाती की गई थी।
पारन के साथ व्रतियों ने खोला उपवास
अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रतियों ने घाट पर ही पूजा-अर्चना की और बड़ों का आशीर्वाद लिया। इसके बाद अदरक, गुड़ और प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारन किया। पूजा के समापन के साथ ही श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं और प्रसाद का वितरण किया।

इसके अलावा आदर्श नगर छठ घाट में बीते रविवार को शाम भजन संध्या का भी कार्यक्रम रखा गया था जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।





