IAS अधिकारी बनकर ठेकेदारों को फोन करता था ठग टंडन, IPS अफसरों को भी बनाया निशाना, एक हफ्ते में 6 केस दर्ज

रायपुर। होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। खुद को आईएएस, आईपीएस और पुलिस कमिश्नर बताकर लोगों पर रौब जमाने वाले आरोपी के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर छह मामले दर्ज हो चुके हैं। उस पर ठेकेदारों के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों से भी ठगी करने के आरोप लगे हैं। जानकारी के मुताबिक, अच्छी पोस्टिंग दिलाने का झांसा देकर उसने चार एडिशनल एसपी, तीन डीएसपी और एक टीआई सहित कई पुलिस अधिकारियों से पैसे लिए हैं। फिलहाल इन आरोपों की जांच की जा रही है।
इसी बीच आरोपी के खिलाफ कोरबा जिले के दीपका थाने में धोखाधड़ी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का एक और मामला दर्ज किया गया है। दीपका के वार्ड नंबर 9 निवासी 32 वर्षीय कोयला कारोबारी अंकित सिंह ने 13 नवंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि दीपक टंडन ने उनके पिता महेंद्र सिंह से 27.90 लाख रुपये की ठगी की और रकम वापस मांगने पर एससी-एसटी एक्ट के तहत झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।
27.90 लाख रुपये की ठगी का आरोप
अंकित सिंह के मुताबिक, दीपक टंडन ने उनके पिता महेंद्र सिंह से 27 लाख 90 हजार रुपये लिए थे। इस मामले में वर्ष 2020 में दीपका थाने में धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी ने पीड़ित परिवार को भरोसे में लेकर शपथ पत्र के जरिए समझौता किया। उसने कुछ दिनों के भीतर 5 लाख रुपये देने और बाकी रकम धीरे-धीरे लौटाने का वादा किया था।
हालांकि, लंबे समय तक भुगतान टालने के बाद आरोपी ने 20 मई 2023 को यस बैंक का 5 लाख रुपये का चेक दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि 10 से 12 दिन बाद बैंक में चेक के संबंध में जानकारी लेने पर पता चला कि आरोपी ने पहले ही उसके भुगतान पर रोक लगवा दी थी। इस तरह रकम लौटाने के नाम पर दिया गया चेक भी बेकार साबित हुआ।
पैसे मांगने पर एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी
चेक का भुगतान नहीं होने पर पीड़ित परिवार ने दोबारा अपनी रकम मांगी। आरोप है कि दीपक टंडन लगातार बहाने बनाकर भुगतान टालता रहा। उसने 10 जुलाई 2024 को कटघोरा अदालत में पेशी के दौरान पूरी रकम लौटाने का आश्वासन दिया था।
पीड़ित के अनुसार, तय तारीख पर आरोपी ने एक बिचौलिए के माध्यम से उन्हें दीपका के बुधवारी चौक पर बुलाया। वहां पैसे मांगने पर वह कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, दोबारा रकम मांगने पर एससी-एसटी एक्ट के तहत झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है। घटना के बाद अंकित ने अपने पिता महेंद्र सिंह और साथी गौतम गौते को इसकी जानकारी दी।
एक सप्ताह में छह मामले, पत्नी पर भी आरोप
बिलासपुर पुलिस द्वारा दीपक टंडन की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद अंकित सिंह ने 13 नवंबर को दीपका थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ नई प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ भी धोखाधड़ी के कई आरोप सामने आए हैं। रायपुर के तेलीबांधा थाने में जमीन और फॉर्च्यूनर कार बेचने के नाम पर 56 लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज है। इसके अलावा सरकारी टेंडर दिलाने का झांसा देकर 15 लाख रुपये लेने के आरोप में भी अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। सक्ती थाने में भी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज है।
इस तरह एक सप्ताह के भीतर दीपक टंडन के खिलाफ छह मामले दर्ज हो चुके हैं। पुलिस अब अलग-अलग शिकायतों और कथित ठगी के मामलों की जांच कर रही है।





