Chhattisgarh

मोती ज्वेलर्स चोरीकांड का पर्दाफाश: महिलाओं और बच्चों के जरिए वारदात को अंजाम देने वाला शातिर गिरोह बेनकाब

पुरुष करते थे रेकी और चोरी का माल ठिकाने लगाने का काम, जबकि महिलाएं और बच्चे भीड़ का फायदा उठाकर दुकानों में देते थे वारदात को अंजाम

जगदलपुर, । शहर के संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में दीपावली के दौरान हुई बड़ी चोरी की गुत्थी बस्तर पुलिस ने सुलझा ली है। त्योहार की भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं और बच्चों के जरिए ज्वेलरी दुकान से सोने के आभूषणों से भरा बॉक्स पार करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए 765.7 ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन, ऑटो और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। वहीं, एक विधि से संघर्षरत बालिका के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में महिलाओं और बच्चों का एक समूह ग्राहक बनकर पहुंचा। त्योहार के चलते दुकान में पहले से ही काफी भीड़ थी। इसी का फायदा उठाकर गिरोह की महिलाओं ने दुकानदार और कर्मचारियों का ध्यान भटकाया। इसी दौरान एक महिला ने दराज में रखे सोने के आभूषणों से भरे प्लास्टिक बॉक्स को निकालकर विधि से संघर्षरत बालिका को सौंप दिया। इसके बाद पूरा समूह योजनाबद्ध तरीके से दुकान से निकल गया। शाम करीब 7:30 बजे जब दुकान संचालिका ने सोने के टॉप्स वाला बॉक्स तलाश किया तो वह गायब मिला। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोरी की पूरी करतूत सामने आई, जिसके बाद थाना कोतवाली में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से गिरोह तक पहुंची पुलिस

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक आंशिका जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तस्वीरों, साइबर सेल की मदद और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 17 C 3511 पुलिस के संदेह के दायरे में आई। वाहन के पूर्व मालिक से पूछताछ करने पर पता चला कि उसने इसे दुआ मोटर्स में बेचा था। दुआ मोटर्स से मिली जानकारी के आधार पर वाहन खरीदने वाले मासों कश्यप का सुराग मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने कोड़ेनार थाना क्षेत्र के पथरीली उड़वा गांव में दबिश दी।

जंगल में छिपे आरोपियों को पकड़ने पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन

पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी के सामान के साथ गांव से निकलकर जंगल की ओर छिपने चले गए थे। पुलिस टीम ने रात में ही जंगल की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। घना जंगल और बड़ी-बड़ी घास होने के कारण आरोपियों को तलाशने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने थर्मल कैमरा और ड्रोन कैमरे की मदद से संभावित ठिकानों की निगरानी की। इसके साथ ही अलग-अलग टीमों ने पैदल गश्त कर संदिग्ध स्थानों पर तलाशी ली।

आखिरकार पुलिस ने आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार की और उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए 765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, एक ऑटो और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की। पांच आरोपियों को 11 नवंबर को गिरफ्तार किया गया।

ऐसे काम करता था गिरोह

पुलिस की जांच में गिरोह के वारदात करने का तरीका भी सामने आया है। गिरोह के पुरुष सदस्य पहले दुकानों की रेकी करते थे और चोरी के बाद माल को छिपाने तथा खपाने की जिम्मेदारी संभालते थे। वहीं, महिलाओं और बच्चों को समूह में भीड़भाड़ वाली दुकानों में भेजा जाता था। ये लोग ग्राहक बनकर दुकानदारों का ध्यान भटकाते और इसी दौरान कीमती सामान पार कर देते थे। पूरी वारदात को आपसी तालमेल और सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया जाता था।

गिरफ्तार आरोपी

1. फूलों कश्यप, पति मासों, उम्र 30 वर्ष।
2. मासों कश्यप, पति बूदरू कश्यप, उम्र 30 वर्ष।
3. पसली माड़वी, पति जंतु माड़वी, उम्र 55 वर्ष।
4. शंकर माड़वी, पिता मोसूराम, उम्र 27 वर्ष।
5. परमेश कश्यप, पिता मंडा राम, उम्र 21 वर्ष।

सभी आरोपी पथरीली उड़वा, थाना कोड़ेनार, जिला बस्तर के निवासी बताए गए हैं।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, प्रमोद ठाकुर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, अमित सिदार, सउनि सतीश यादव, प्रमोद सिन्हा, मीना यादव, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने, धर्मेंद्र कंवर, खेदु ठाकुर, मोहन कश्यप, राजू टोप्पो, मौसम गुप्ता, महिला प्रधान आरक्षक उमा भगत, महिला आरक्षक रीना अनंत, सुशांति लकड़ा, यास्मीन बेगम सहित आरक्षक सोनू गौतम, प्रदीप कश्यप, महेंद्र पटेल, महंगू कश्यप, कृष्णा नेताम, अमर बेसरा, तरुण यादव, धनेश्वर यादव, हेमचंद मौर्य, देवचंद बघेल, गौतम सिंहा, बलराम कश्यप, रंगलाल खरे, आदित्य पवार और रुद्र पाणिग्रही का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध और चोरी की घटनाओं में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Ravindra Das Bureau Bastar

Ravindra Das covers economic policy, business developments, and financial matters affecting India and regional markets with addition of local news in Bastar Sambhag of Chhattisgarh. His analysis is data-driven and focused on clarity and accuracy. Areas of Expertise • Business and industry • Government economic policy • All Local News of Bastar Division Editorial Responsibility He ensures all data verified against authoritative sources. 📧 Contact: dasvindra3@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026