CG Hockey League: छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के मुकाबले अब जियोहॉटस्टार पर होंगे स्ट्रीम, बना आधिकारिक पार्टनर

CG Hockey League: छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित होने जा रही छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सभी मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर की जाएगी। 22 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक चलने वाली इस लीग के मैच प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से देखे जा सकेंगे। दर्शकों के लिए मुकाबलों का प्रसारण हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में उपलब्ध होगा।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त है। इसे भारत की पहली आधिकारिक राज्य हॉकी लीग बताया जा रहा है। प्रतियोगिता में राज्य के छह शहरों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। लीग चरण के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी, जबकि खिताबी मुकाबला 1 नवंबर 2026 को खेला जाएगा। इस दौरान कुल 18 रोमांचक मैच आयोजित होंगे।
दुर्गा पूजा के दौरान 6 शहरों में बड़े हादसे, कोलकाता से यूपी तक 43 लोगों की मौत; कई घायल
भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी होंगे आकर्षण
लीग में भारतीय हॉकी के कई चर्चित खिलाड़ी मार्की प्लेयर के रूप में नजर आएंगे। इनमें ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एस.वी. सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम शामिल हैं। ये खिलाड़ी छह फ्रेंचाइजी का नेतृत्व करेंगे और प्रतियोगिता को रोमांचक बनाएंगे।
पुरुषों की प्रतियोगिता के साथ महिला हॉकी को प्रोत्साहित करने के लिए टूर्नामेंट के पहले दिन एक प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से किया जाएगा।
राज्य के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मिलेगा मौका
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग भारतीय हॉकी के इतिहास में एक शानदार अध्याय की शुरुआत है। इसका उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि लीग के सभी मैचों की जियोहॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीमिंग होने से प्रतियोगिता को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी। रायपुर के मैदान पर खेलने वाले राज्य के खिलाड़ियों का हुनर व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंच सकेगा।
‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ की थीम पर होगी लीग
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्देश्य प्रदेश में हॉकी के माहौल को मजबूत करना, उभरते खिलाड़ियों के लिए अधिक अवसर तैयार करना और राष्ट्रीय खेल के निरंतर विकास को बढ़ावा देना है।
‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ टैगलाइन के साथ यह लीग छत्तीसगढ़ की खेल पहचान, क्षेत्रीय गौरव और हॉकी के प्रति बढ़ती रुचि को सामने लाएगी। जियोहॉटस्टार पर हिंदी और छत्तीसगढ़ी में होने वाली लाइव स्ट्रीमिंग से देशभर के दर्शक प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे।





