CG News: बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी बालक फरार, गिनती के दौरान सामने आया मामला

कोरबा : जिले के कोडिया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से एक बार फिर अपचारी बालक के फरार होने का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह जवानों के व्यस्त होने का फायदा उठाकर बालक चैनल गेट खोलकर भाग निकला। गिनती के दौरान उसके गायब होने का पता चला, जिसके बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, पोंडीबहार निवासी बालक को चोरी के मामले में 27 सितंबर को कोडिया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल कराया गया था। शनिवार सुबह मुख्य द्वार खुलने के बाद जवान अपने काम में व्यस्त हो गए। इसी दौरान बालक चैनल गेट खोलकर फरार हो गया।
गिनती के समय बालक के गायब होने की जानकारी सामने आने पर सीएसईबी चौकी पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि बालक के घर और रिश्तेदारों से पूछताछ कर पतासाजी की जा रही है।
पहले भी हो चुकी हैं फरार होने की घटनाएं
कोडिया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी बालकों के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां से बालक भाग चुके हैं। लगातार ऐसी घटनाएं सामने आने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।





