कोरबा में दर्दनाक हादसा: पिकनिक मनाने गए 15 वर्षीय बालक की स्टॉप डैम में डूबने से मौत
राजू सैनी

कोरबा में दर्दनाक हादसा: पिकनिक मनाने गए 15 वर्षीय बालक की स्टॉप डैम में डूबने से मौत
जमनीपाली के चार दोस्त गए थे सुमेधा; नहाने के दौरान गहराई में समाया मासूम, शनिवार सुबह मिला शव..

कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहाँ दोस्तों के साथ नहाने गया एक 15 वर्षीय बालक नदी के स्टॉप डैम में डूब गया। शुक्रवार से लापता बालक का शव शनिवार सुबह स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों की मदद से बरामद कर लिया गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, जमनीपाली निवासी नरेश साहू उम्र लगभग 16 वर्ष, पिता फिरतूराम साहू, शुक्रवार को अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ बांकी मोंगरा क्षेत्र के सुमेधा में पिकनिक मनाने पहुंचा था। दोपहर के वक्त चारों बच्चे नदी में बने स्टॉप डैम में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान नरेश गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया और अचानक लापता हो गया।
घबराए दोस्तों ने दी परिजनों को सूचना
नरेश को पानी में डूबता देख उसके साथ आए तीनों बच्चे बुरी तरह घबरा गए। उन्होंने तुरंत बाहर निकलकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। शुक्रवार देर शाम तक स्थानीय स्तर पर बालक की तलाश की गई, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं मिला। अनहोनी की आशंका को देखते हुए घटना की सूचना दर्री और स्थानीय पुलिस को दी गई।
आज शनिवार सुबह पुलिस बल और स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से स्टॉप डैम में दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कुछ ही घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने नरेश साहू का शव पानी से बाहर निकाल लिया। मर्ग पंचनामा कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
चेतावनी: साल दर साल हो रहे हादसे, फिर भी लापरवाही
सुमेधा कटाईनार क्षेत्र का यह स्टॉप डैम युवाओं और बच्चों के लिए पिकनिक स्पॉट बना हुआ है, लेकिन पानी की अज्ञात गहराई और तेज बहाव के कारण यहां साल दर साल इस तरह के जानलेवा हादसे होते रहते हैं। प्रशासन की चेतावनियों के बावजूद बच्चे और युवा सुरक्षा को ताक पर रखकर यहाँ नहाने उतर जाते हैं, जो अंततः जानलेवा साबित होता है।





