ChhattisgarhKorbaNATIONALSECL
कोरबा- कनवेरी मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर लगी रोक, नवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासन का बड़ा फैसला
ओमकार यादव


कोरबा- कनवेरी मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर लगी रोक, नवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासन का बड़ा फैसला
कटघोरा। आगामी शारदीय क्वांर नवरात्रि पर्व के दौरान मां सर्वमंगला देवी मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। मंदिर मार्ग पर होने वाली असुविधा और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने 10 अक्टूबर 2026 से 19 अक्टूबर 2026 तक भारी वाहनों के परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश अनुविभागीय अधिकारी एवं दण्डाधिकारी (SDM) कटघोरा द्वारा जारी किया गया है।
बाईपास मार्ग रहेगा पूरी तरह प्रतिबंधित
आदेश के अनुसार, सर्वमंगला चौक से कनकी जाने वाले मार्ग (बाईपास मार्ग) पर भारी वाहनों का आना-जाना पूरी तरह से वर्जित रहेगा। पूर्व वर्षों के अनुभवों और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तहसीलदार दर्री एवं थाना प्रभारी कुसमुण्डा के प्रतिवेदन पर यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन का मानना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों के चलने से पैदल व अन्य वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
वैकल्पिक मार्ग से गुजरेंगे भारी वाहन
प्रतिबंध की अवधि के दौरान यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्ट किया गया है। सभी भारी वाहनों को बांकीमोंगरा एवं दीपका होकर अपने गंतव्य की ओर जाना होगा।
प्रशासनिक मुस्तैदी
इस आदेश की कॉपियाँ कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कोरबा, पुलिस अधीक्षक कोरबा, जिला परिवहन अधिकारी और संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई और यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु भेज दी गई हैं। प्रशासन ने आम जनता और भारी वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है।





