Chhattisgarh

बिलासपुर में गरबा और डांडिया के साथ बॉलीवुड-भोजपुरी सिनेमा के सितारों का लगेगा तड़का

बिलासपुर। न्यायधानी में नवरात्रि के गरबा उत्सव का रंग इस बार और गहरा होने जा रहा है। शहर के बहुचर्चित पंखीड़ा 2026 में गरबा और डांडिया के साथ बॉलीवुड-भोजपुरी सिनेमा के सितारों का तड़का लगेगा। रविवार को रॉयल कोच रेस्टोरेंट, उसलापुर में आयोजित मेगा आर्टिस्ट रिवील कार्यक्रम में आयोजन के प्रमुख कलाकारों के नामों की घोषणा की गई। प्रजाराज्यम द्वारा आयोजित पंखीड़ा सीजन-4 में अभिनेता रवि किशन और अभिनेत्री सोनल चौहान की खास मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

पंखीड़ा 2026 का आयोजन 12 और 13 अक्टूबर को महाराजा अग्रसेन भवन, फॉर्च्यून एलिमेंट्स, रायपुर रोड, बिलासपुर में किया जाएगा। दो दिनों तक गरबा, डांडिया, संगीत, नृत्य और मनोरंजन का संगम देखने को मिलेगा। आयोजकों ने इस बार आयोजन को पहले से अधिक भव्य बनाने की तैयारी की है। आकर्षक गरबा सेटअप, लाइव म्यूजिक और सेलिब्रिटी प्रस्तुतियां कार्यक्रम को खास बनाएंगी।

मेगा आर्टिस्ट रिवील कार्यक्रम में प्रजाराज्यम के संस्थापक आकाश सिंह ने पंखीड़ा 2026 के कलाकारों की घोषणा की। रवि किशन की मौजूदगी आयोजन में देसी रंग भरने वाली है। भोजपुरी और हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बना चुके रवि किशन अपनी दमदार मंचीय उपस्थिति और देसी अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वहीं सोनल चौहान की मौजूदगी आयोजन के ग्लैमर और मनोरंजन पक्ष को नई चमक देगी।

तीन पीढ़ियां, एक आंगन और डांडिया की थाप
पंखीड़ा की खास पहचान केवल बड़े कलाकार नहीं, बल्कि इसका पारिवारिक माहौल भी है। यहां बच्चे, युवा और बुजुर्ग एक साथ गरबा की ताल पर थिरकते नजर आते हैं। यही वजह है कि पंखीड़ा को महज गरबा आयोजन के बजाय परिवार और संस्कृति से जुड़ा उत्सव बनाने की कोशिश की जा रही है। आयोजकों का दावा है कि इस बार भी भारतीय संस्कृति, पारिवारिक एकजुटता और सामूहिक उल्लास को केंद्र में रखा जाएगा।

गरबा के मंच पर क्षेत्रीय रंग का तड़का
गुजरात की लोकपरंपरा से निकले गरबा को पंखीड़ा 2026 में अलग-अलग सांस्कृतिक रंगों से जोड़ने की तैयारी है। रवि किशन का देसी अंदाज और सोनल चौहान की मौजूदगी गरबा की पारंपरिक धुनों के बीच मनोरंजन का नया रंग जोड़ सकती है। कलाकारों की घोषणा के बाद शहर के गरबा प्रेमियों और युवाओं में आयोजन को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

दो रात, सितारों के नाम
12 और 13 अक्टूबर की दोनों शामें पंखीड़ा 2026 के नाम रहेंगी। महाराजा अग्रसेन भवन में होने वाले आयोजन में गरबा और डांडिया के साथ लाइव म्यूजिक, डांस और सेलिब्रिटी एंटरटेनमेंट देखने को मिलेगा। बड़े कलाकारों की घोषणा के बाद अब निगाहें आयोजन की भव्यता और मंचीय प्रस्तुतियों पर टिक गई हैं। बिलासपुर में नवरात्रि के दौरान होने वाले आयोजनों के बीच पंखीड़ा 2026 इस बार सबसे चर्चित गरबा आयोजनों में अपनी जगह बनाने की तैयारी में है

Sanjay Thakur Bureau Bilaspur

State Affairs Reporter Sanjay Thakur is a state affairs reporter focusing on administration, development projects, and civic issues and local news is Bilaspur sambhag in Chhattisgarh. His work highlights grassroots concerns and governance-related developments. Areas of Expertise • State administration • Infrastructure and development • Civic and public issues • Field reporting & Local News of Bilaspur Sambhag of Chhattisgarh He follows source verification guidelines and ensures responsible, fact-based reporting. 📧 Contact:sanjaysinghthakur72@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026