Chhattisgarhछत्तीसगढ

स्वाइन फ्लू के बाद छत्तीसगढ़ में स्क्रब टाइफस की दस्तक, इस जिले में युवक की मौत, जानें क्या हैं लक्षण

जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में स्वाइन फ्लू के बाद अब स्क्रब टाइफस के मामले सामने आने लगे हैं। बारिश के मौसम में फैलने वाले इस संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जिले में इस सीजन अब तक स्क्रब टाइफस के 5 मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से एक मरीज की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है, जबकि एक एक्टिव मरीज का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं, जांच के लिए भेजे गए करीब 10 से 15 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

CG Road Accident: तेज रफ्तार बस दुर्घटनाग्रस्त, 12 यात्रियों को आई चोटें

इलाज के दौरान एक मरीज की मौत

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, मृत मरीज में स्क्रब टाइफस के शुरुआती लक्षण दिखाई दिए थे। उसका प्रारंभिक उपचार शिवरीनारायण स्थित साबरी अस्पताल में कराया गया। हालत गंभीर होने पर मरीज को बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मरीज की मौत के बाद जिला सर्विलेंस इकाई सक्रिय हुई और संक्रमण को लेकर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

बारिश के मौसम में बढ़ता है खतरा

जांजगीर-चांपा में बारिश के मौसम के दौरान हर साल स्क्रब टाइफस के मामले सामने आते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, खेतों, झाड़ियों और लंबे घास वाले इलाकों में रहने या काम करने वाले लोगों को संक्रमण का खतरा अधिक रहता है।

स्क्रब टाइफस ओरिएंटिया त्सुत्सुगामुशी नामक बैक्टीरिया से होने वाला संक्रमण है। यह संक्रमित चिगर यानी छोटे माइट्स के लार्वा के काटने से इंसानों में फैलता है।

शुरुआत में वायरल बुखार जैसे दिखते हैं लक्षण

डॉक्टरों के अनुसार, स्क्रब टाइफस के शुरुआती लक्षण सामान्य वायरल बुखार जैसे हो सकते हैं। मरीज को तेज बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द, शरीर में दर्द और कमजोरी की शिकायत हो सकती है। समय पर इलाज नहीं मिलने पर संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है।

गंभीर स्थिति में निमोनिया, मस्तिष्क में सूजन, किडनी और लिवर से जुड़ी समस्याएं और मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर जैसी जटिलताएं हो सकती हैं।

इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

स्क्रब टाइफस के प्रमुख लक्षणों में शामिल हैं:

  • अचानक तेज बुखार आना
  • ठंड लगना और सिरदर्द होना
  • मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द
  • शरीर में कमजोरी महसूस होना
  • त्वचा पर लाल चकत्ते पड़ना
  • काटने वाली जगह पर काले रंग का पपड़ीदार घाव यानी एस्चर बनना

एस्चर को स्क्रब टाइफस का एक महत्वपूर्ण संकेत माना जाता है। यह अक्सर बगल या कमर के आसपास दिखाई दे सकता है।

CG Crime: लिव-इन पार्टनर की हत्या कर सेप्टिक टैंक में छिपाया शव, ऐसे हुआ पूरे मामले का खुलासा

स्वास्थ्य विभाग ने दी सावधानी बरतने की सलाह

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से झाड़ियों, खेतों और लंबे घास वाले क्षेत्रों में जाते समय सावधानी बरतने की अपील की है। ऐसे स्थानों पर जाते समय पूरी बांह के कपड़े पहनने और शरीर को ढककर रखने की सलाह दी गई है। साथ ही साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि लगातार बुखार, शरीर में दर्द या स्क्रब टाइफस से जुड़े अन्य लक्षण दिखाई देने पर इसे सामान्य बुखार मानकर नजरअंदाज न करें और तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेकर जांच कराएं।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026