CG Road Accident: तेज रफ्तार बस दुर्घटनाग्रस्त, 12 यात्रियों को आई चोटें

CG Road Accident: बीजापुर जिले में यात्रियों से भरी एक बस सड़क किनारे पलट गई। हादसा चेरला से बीजापुर आ रही बाबा ट्रेवल्स की बस के साथ गुण्डम के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। बस के पलटने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और सुरक्षा बलों को जानकारी दी। इसके बाद सीआरपीएफ जवानों और तर्रेम थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
CG Crime: लिव-इन पार्टनर की हत्या कर सेप्टिक टैंक में छिपाया शव, ऐसे हुआ पूरे मामले का खुलासा
सीआरपीएफ और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
मौके पर पहुंची पुलिस और सीआरपीएफ की टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए बासागुड़ा अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में 12 यात्री घायल
दुर्घटना में कुल 12 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से चार घायलों का इलाज बासागुड़ा अस्पताल में चल रहा है, जबकि आठ घायलों को बेहतर उपचार के लिए बीजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
बस दुर्घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बस अनियंत्रित होकर पलटी, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और बस चालक समेत अन्य लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है।





