BALCO NEWS

बालको में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई भगवान विश्वकर्मा जयंती

कोरबा : वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा जयंती श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बालको संयंत्र की विभिन्न इकाइयों और कार्यालयों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान कंपनी की निरंतर प्रगति, कर्मचारियों की सुरक्षा, सुख-समृद्धि और औद्योगिक विकास की कामना की गई।

विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर सुबह से ही बालको संयंत्र परिसर में उत्सव का माहौल रहा। संयंत्र की विभिन्न इकाइयों में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर आकर्षक सजावट की गई थी। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेका कामगारों ने पूजा-अर्चना में सहभागिता की। विधि-विधान से पूजा संपन्न होने के बाद उपस्थित कर्मचारियों एवं अन्य लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।

भगवान विश्वकर्मा को सृजन, शिल्पकला, निर्माण और तकनीकी कौशल का देवता माना जाता है। औद्योगिक संस्थानों में विश्वकर्मा पूजा का विशेष महत्व है। बालको में भी यह पर्व लंबे समय से औद्योगिक परंपरा और कार्यसंस्कृति का हिस्सा रहा है। इस अवसर पर कर्मचारियों ने सुरक्षित कार्यप्रणाली, नवाचार, जिम्मेदारी और टीम भावना के साथ कंपनी की प्रगति में योगदान देने का संकल्प दोहराया।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की आराधना सृजन के साथ सुरक्षा और जिम्मेदारी को प्राथमिकता देने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि बालको में प्रत्येक कर्मचारी का योगदान कंपनी की सामूहिक प्रगति का आधार है। सुरक्षित कार्यसंस्कृति, नवाचार और टीम भावना के साथ बालको औद्योगिक विकास के नए आयाम स्थापित करने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।

विश्वकर्मा जयंती का आयोजन बालको में औद्योगिक परंपरा और आधुनिक कार्यसंस्कृति के संगम के रूप में सामने आया। पूजा-अर्चना के दौरान कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। इस आयोजन ने कर्मचारियों के बीच एकजुटता और सामूहिक भावना को मजबूत करने के साथ सुरक्षित, जिम्मेदार और सतत औद्योगिक विकास की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026