CG में किसान नेता के भतीजे की हत्या, महानदी तट पर मिली शिक्षक की लाश

आरंग: राजधानी रायपुर से लगे आरंग थाना क्षेत्र में एक शिक्षक की हत्या का मामला सामने आया है। किसान नेता रुपन चंद्राकर के भतीजे शिवकुमार चंद्राकर का शव महानदी के तट पर बनचरौदा के पास खून से लथपथ हालत में मिला। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान शिवकुमार चंद्राकर के रूप में हुई है। वह डंगनिया (चंपारण) के रहने वाले थे और शासकीय विद्यालय कुम्हारी में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे। उनका शव महानदी के तट पर बनचरौदा के पास बरामद किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिवकुमार के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया, जिससे उनकी मौत हुई। घटनास्थल के पास उनकी बाइक भी मिली है। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही आरंग थाना प्रभारी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
मामले की जांच के लिए रायपुर से डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।





