कोरबा – शासकीय प्राथमिक शाला सोनपुरी में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत बाल सभा का गठन
ओमकार यादव

कोरबा – शासकीय प्राथमिक शाला सोनपुरी में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत बाल सभा का गठन

कटघोरा विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला सोनपुरी में बाल सभा का गठन लोकतांत्रिक एवं मतदान आधारित प्रक्रिया के माध्यम से उत्साहपूर्वक संपन्न कराया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ चुनाव प्रक्रिया में भाग लेते हुए लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों को व्यवहारिक रूप से समझा।
विद्यालय में प्रधानमंत्री, शिक्षा मंत्री, खेल, संस्कृति एवं खाद्य मंत्री, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मंत्री, कृषि एवं पर्यावरण मंत्री तथा सुरक्षा एवं जनसंपर्क मंत्री के पदों के लिए चुनाव आयोजित किया गया। चुनाव को वास्तविक स्वरूप देने के लिए उम्मीदवारों के फोटोयुक्त मतपत्र तैयार किए गए थे।
मतदान के दौरान प्रत्येक विद्यार्थी ने मतदाता रजिस्टर में हस्ताक्षर किए, अपनी उंगली पर अमिट स्याही का निशान लगवाया तथा मतदान कक्ष में जाकर अपने पसंदीदा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया। इस पूरी प्रक्रिया के माध्यम से बच्चों को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं गोपनीय मतदान का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
मतदान उपरांत मतगणना का कार्य भी कक्षा 4 के विद्यार्थियों द्वारा पूरी जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न किया गया। परिणाम घोषित होने पर शीतल, रागनी, भारती, दीप्ती, विद्या एवं हिमांशु विभिन्न पदों पर निर्वाचित हुए। विजयी विद्यार्थियों का तालियों की गड़गड़ाहट के बीच स्वागत किया गया तथा विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें बैज पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधान पाठक अरुण कुमार साहू, शिक्षक अनिल कुमार कैवर्त एवं शिक्षिका अर्चना सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान के महत्व तथा जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
विद्यालय में आयोजित यह गतिविधि बच्चों के लिए लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को समझने का एक प्रेरणादायक एवं शिक्षाप्रद अनुभव साबित हुई।
— शासकीय प्राथमिक शाला सोनपुरी






