
सूरत : भारतीय रेलवे ने स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से एक ‘लाइव हार्ट’ का सफलतापूर्वक परिवहन किया। सूरत से अहमदाबाद तक महज 217 मिनट में हृदय पहुंचाकर हार्ट ट्रांसप्लांट के लिए समय पर उपलब्ध कराया गया, जिससे एक मरीज को नया जीवन देने का महत्वपूर्ण मिशन सफल हो सका। ट्रेन संख्या 20901 मुंबई सेंट्रल–गांधीनगर कैपिटल वंदे भारत एक्सप्रेस के जरिए सूरत से अहमदाबाद तक यह लाइव हार्ट सुरक्षित पहुंचाया गया। इसे हार्ट ट्रांसप्लांट के लिए अहमदाबाद स्थित यू.एन. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर ले जाया गया।
CG में देह व्यापार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, दो ठिकानों पर छापेमारी, दो महिलाओं समेत 4 गिरफ्तार
इस पूरे ऑपरेशन के दौरान भारतीय रेलवे, गुजरात पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और चिकित्सकों के बीच उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला। अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से यू.एन. मेहता अस्पताल तक विशेष ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया गया, जिससे बिना किसी बाधा के हृदय को निर्धारित समय में अस्पताल पहुंचाया जा सका। लाइव हार्ट सुबह 9:18 बजे सूरत से रवाना हुआ और दोपहर 12:55 बजे अहमदाबाद स्थित अस्पताल पहुंचा। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण दक्षिण गुजरात से हवाई सेवाएं प्रभावित थीं, ऐसे में वंदे भारत एक्सप्रेस सबसे तेज और विश्वसनीय विकल्प साबित हुई। भारतीय रेलवे के इतिहास में यह पहली घटना मानी जा रही है, जब किसी मानव अंग का परिवहन ट्रेन के माध्यम से किया गया। इससे पहले इस प्रकार का कोई ऑपरेशन रेल मार्ग से नहीं किया गया था।
अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत पर बड़ा एक्शन! पति की शिकायत पर निजी अस्पताल के खिलाफ केस दर्ज
वंदे भारत एक्सप्रेस की तेज गति, समय की पाबंदी और विश्वसनीयता ने इस जीवनरक्षक मिशन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। इस उपलब्धि ने यह भी साबित किया है कि भारतीय रेलवे अब केवल यात्रियों और माल परिवहन तक सीमित नहीं है, बल्कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में भी महत्वपूर्ण सहयोगी की भूमिका निभा सकता है। इस अभियान को सफल बनाने में भारतीय रेलवे के विभिन्न विभागों, गुजरात पुलिस, आरपीएफ, चिकित्सकों, ऑर्गन ट्रांसप्लांट समन्वयकों तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके सामूहिक प्रयासों से एक मरीज को नई जिंदगी देने का यह मिशन सफलतापूर्वक पूरा हो सका।






