ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी में भव्य 11वाँ इंडो-नेपाल इंटरनेशनल टूर्नामेंट ट्रायल-2026 संपन्न

ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी, जांजगीर में संस्था संचालक श्री आलोक अग्रवाल, डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं संस्था की प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह जी के निर्देशन में दिनांक 14 जून 2026 को ’’11वें इंडो-नेपाल इंटरनेशनल टूर्नामेंट ट्रायल-2026’’ का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रसिद्ध खेल आयोजन का संचालन SDPF India एवं SDPAC, Janjgir के संयुक्त नेतृत्व में किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था संचालक श्री आलोक अग्रवाल एवं डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल जी द्वारा खिलाड़ियों के परिचय के साथ किया गया।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना तथा खेलों के प्रति जागरूकता एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देना था। ट्रायल प्रतियोगिता में ’’क्रिकेट, सॉफ्टबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, स्केटिंग एवं खो-खो’’ सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन, तकनीकी दक्षता एवं शारीरिक क्षमता के आधार पर किया गया, जिससे आगामी इंडो-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए योग्य खिलाड़ियों का चयन सुनिश्चित किया जा सके। क्रिकेट प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन किया, वहीं कबड्डी और खो-खो में प्रतिभागियों ने अपनी फुर्ती एवं रणनीतिक कौशल से दर्शकों का मन मोह लिया। बैडमिंटन और बास्केटबॉल मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिला। एथलेटिक्स स्पर्धाओं में धावकों और अन्य प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी क्षमता का परिचय दिया।
स्केटिंग प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने संतुलन, गति और तकनीक का बेहतरीन प्रदर्शन किया। इंटर स्कूल खो-खो अंडर-17, अंडर-19 टीम एन.के.एन लॉयंस पब्लिक स्कूल, कोरबा विजयी हुए। बेस्ट प्लेयर ऑफ ट्रायल विराज तिवारी ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी, जांजगीर रहे। इस अवसर पर आयोजक SDPAC Janjgir जिला सचिव श्री ऋषभ अग्रवाल एवं SDPAC राज्य सचिव श्री गजेन्द्र कष्यप ने कहा कि- खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास को भी विकसित करता है। इंडो-नेपाल इंटरनेशनल टूर्नामेंट ट्रायल जैसे आयोजन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर प्रदान करता है और उन्हें अपने खेल जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया तथा चयनित खिलाड़ियों को आगामी इंडो-नेपाल इंटरनेशनल टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएँ दी गई। यह आयोजन खेल प्रतिभाओं को निखारने और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय खिलाड़ियों की सहभागिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।





