NATIONALभारत

370 Biryani Controversy : 370 रुपये बिरयानी विवाद में नया मोड़, नौकरी से निकाले जाने के बाद हिमांशु जांगड़ा का बयान आया सामने, बोले- मनोरंजन के लिए गढ़ी थी कहानी

370 Biryani Controversy : आज के दौर में एक गैर-जिम्मेदाराना बयान किसी की जिंदगी को किस कदर प्रभावित कर सकता है, इसका ताजा उदाहरण गुरुग्राम का ‘370 रुपये की बिरयानी’ विवाद है। स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे के लाइव शो के दौरान महिला की सहमति और डेटिंग को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले दर्शक हिमांशु जांगड़ा अब चौतरफा मुश्किलों में घिर चुके हैं। लगातार हो रही ट्रोलिंग के बाद अपनी नौकरी गंवा चुके हिमांशु ने अब इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी सफाई पेश की है और माफी मांगी है। हिमांशु जांगड़ा ने खुलासा किया कि जो कहानी उन्होंने मंच पर सुनाई थी, वह पूरी तरह सच नहीं थी।
हिमांशु ने कहा, मैंने वहां जो कहानी बताई, उसमें जिस लड़की की बात मैं कर रहा हूं… हां, मैंने एक लड़की को डेट किया था, लेकिन जो मैंने वहां बताया वह पूरी तरह सच नहीं था। वह एक इम्प्रोवाइज्ड कहानी थी। क्योंकि मुझसे पहले जो लोग वहां अपनी कहानियां सुना रहे थे, वे भी इसी तरह की बातें कर रहे थे। मैंने वह सब सिर्फ एंटरटेनमेंट के लिए कहा था। मेरी ऐसी कोई मानसिकता या इरादा नहीं था। हिमांशु ने माना कि उसने गलत शब्दों का चयन किया, जिसके लिए वह दिल से माफी मांगते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि दफ्तर में महिला सहकर्मियों के साथ उसके संबंध हमेशा सम्मानजनक और पेशेवर रहे हैं।
वीडियो में हिमांशु ने बेहद भावुक होकर बताया कि इस विवाद ने उसके परिवार को किस कदर तोड़ दिया है। शुरुआत में उन्होंने इस मामले को अपने माता-पिता से छिपाकर रखा था और उसे उम्मीद थी कि कुछ दिनों में ट्रोलिंग थम जाएगी। लेकिन जब पड़ोसियों और रिश्तेदारों के जरिए यह बात उसके माता-पिता तक पहुंची, तो स्थिति बिगड़ गई। हिमांशु ने अपने माता-पिता की प्रतिक्रिया साझा करते हुए कहा, जब माता-पिता को वीडियो के बारे में पता चला, तो उन्होंने हिमांशु को घर बुलाया। हिमांशु ने अपनी गलती स्वीकार की, जिसके बाद माता-पिता ने उसे डांटा और समझाया। हिमांशु के मुताबिक, यहाँ तक स्थिति फिर भी संभली हुई थी।

असली झटका तब लगा जब परिवार को पता चला कि इस हरकत की वजह से हिमांशु को कंपनी से निकाल दिया गया है। नौकरी जाने की खबर सुनते ही उसके माता-पिता बेहद तनाव में आ गए। उन्होंने कहा, अब जब मैं घर वालों को देखता हूं तो मुझे बहुत ज्यादा पछतावा होता है कि मैं उस शो में गया ही क्यों था।
कॉमेडियन प्रणीत मोरे ने भी मांगी माफी
इस विवाद की आंच से शो के होस्ट प्रणित मोरे भी नहीं बच सके। उन पर आरोप लगे कि उन्होंने एक गंभीर और संवेदनशील मुद्दे को रोकने के बजाय उस पर ठहाके लगाए और हिमांशु को इनाम भी दिया। बढ़ते दबाव के बाद प्रणीत मोरे ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर माफी मांगी है।
क्या है ‘370 रुपये की बिरयानी’ का पूरा मामला?
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब इंटरनेट पर कॉमेडियन प्रणीत मोरे के एक स्टैंड-अप शो का ‘क्राउड वर्क’ वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में गुरुग्राम की एक मार्केटिंग और वेब डिजाइनिंग एजेंसी ‘स्टारविक डिजाइन’ में वेब डेवलपर के रूप में काम करने वाले हिमांशु जांगड़ा ने अपनी एक डेट का किस्सा सुनाया। हिमांशु ने माइक पर कहा कि उसने एक लड़की के साथ डेट पर चिकन बिरयानी के लिए 370 रुपये खर्च किए थे। जब लड़की ने उसे घर छोड़ने को कहा, तो हिमांशु ने प्रणीत मोरे से कहा, ‘मैंने कहा 370 रुपये लगे हैं, मैं वसूल तो करूंगा।’ इसके बाद उसने लड़की की मर्जी के बिना उसे एक अंधेरे पार्क में ले जाने की बात बेहद हल्के अंदाज में कही, जिस पर शो में मौजूद दर्शक हंसने और तालियां बजाने लगे।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026