Korba Accident: तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आया व्यापारी, बाइक समेत 200 मीटर तक घिसटा, मौके पर हुई मौत

Korba Accident: कोरबा में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हार्डवेयर व्यापारी दीपक गोयल की मौत हो गई। कटघोरा थाना क्षेत्र के शहीद वीर नारायण चौक पर तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया। यह घटना सुबह करीब 9 बजे हुई जब दीपक गोयल पूजा के लिए फूल लेकर घर लौट रहे थे। शहीद वीर नारायण चौक के पास पीछे से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक उछलकर सड़क पर गिर गए और बाइक पिकअप में फंस गई। आरोपी चालक ने वाहन नहीं रोका और बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया।
आसपास के लोगों के शोर मचाने पर चालक बाइक छोड़कर पिकअप समेत भाग निकला। गंभीर रूप से घायल दीपक को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां दोपहर 2 बजे उनकी मौत हो गई। सिर और शरीर में गंभीर चोटों के कारण ही उनकी जान गई। निजी अस्पताल ने सिविल लाइन थाना पुलिस को मेमो दिया। इसके आधार पर पुलिस ने मृतक के परिजनों का बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया। कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। कुछ ही घंटों में आरोपी पिकअप को कब्जे में ले लिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार चालक की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है।
Crime News : मुंगेली में ‘ऑपरेशन बाज’ की बड़ी कार्रवाई: 9 जुआरी गिरफ्तार, 3.39 लाख का सामान जब्त
हादसे की खबर मिलते ही व्यापारी संघ और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। दीपक गोयल मिलनसार स्वभाव के थे और सुबह पूजा के लिए फूल लाना उनकी दिनचर्या थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। व्यापारियों ने शहीद वीर नारायण चौक पर लगातार हो रहे हादसों पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था बदहाल है और भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक नहीं लग पा रही है। कटघोरा पुलिस ने आम जनता से फरार चालक के बारे में जानकारी देने की अपील की है।






