Crime News : मुंगेली में ‘ऑपरेशन बाज’ की बड़ी कार्रवाई: 9 जुआरी गिरफ्तार, 3.39 लाख का सामान जब्त

Mungeli, मुंगेली पुलिस ने “ऑपरेशन बाज” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव वेंकट में जुआ खेल रहे 9 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई साइबर सेल और थाना लोरमी पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव के खार खेत में कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर काटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और सभी आरोपियों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 36 हजार 500 रुपये नगद, 7 मोबाइल फोन, 52 पत्ती ताश और 6 मोटरसाइकिल समेत कुल 3 लाख 39 हजार रुपये का सामान जब्त किया।
मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” अभियान के तहत आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए सभी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






