कोरबा में बाड़ी में खेल रहे मासूम को सांप ने काटा, इलाज के दौरान इकलौते बेटे की मौत
सतपाल सिंह
कोरबा में बाड़ी में खेल रहे मासूम को सांप ने काटा, इलाज के दौरान इकलौते बेटे की मौत
कोरबा – घर की बाड़ी में खेलते समय मासूम को जहरीले सर्प ने डस लिया। परिजनों ने उसे आनन फानन इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया। जहां चार दिनों तक चले इलाज के बाद बालक की मौत हो गई। इकलौते पुत्र की मौत ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया है। घटना उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम बगबुड़ा की है। यहां नारद सिहं कंवर निवास करता है। वह खेती किसानी व मजदूरी कर पत्नी के अलावा तीन बच्चों का पालन पोषण करते आ रहा था। 18 मई की शाम करीब 6 बजे स्थानीय विद्यालय में कक्षा दूसरी की पढ़ाई करने वाला इकलौता पुत्र तन्मय कुमार कंवर अन्य बच्चों के साथ घर की बाड़ी में खेल रहा था। इसी दौरान करैत प्रजाति के सर्प ने बाएं पैर की एड़ी के पास डस लिया। जिसकी जानकारी तन्मय ने घर पहुंचकर अपने पिता को दी। परिजन तन्मय को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसका उपचार शुरू किया गया। डॉक्टर लगातार कोशिश के बाद भी उसकी जान नहीं बचा सके। उसने शनिवार की तड़के इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अस्पताली मेमो मिलने पर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी की गयी। पूरे मामले पर स्नेक रेस्क्यू टीम के सदस्य जितेन्द्र सारथी ने गहरा दुख जताया है उनका कहना है कि गर्मी और बारिश में जहरीले सांपों का बिल से बाहर निकलना आम है, हमे बेहद सावधान रहना चाहिए। इस घटना को अंजाम देने वाले Common Krait कॉमन क्रेट (करैत) भारत के सबसे विषैले सांपों में से एक है, यह अक्सर रात में सक्रिय रहता है और घरों, खेतों, लकड़ी/कचरे के ढेर, और चूहों वाले स्थानों के आसपास मिल सकता है। घर अथवा बाहर कही भी खेलते, बैठते सोते समय आसपास की जांच जरूर कर लेवे। सांप काटने के तुरंत बाद ही बिना देरी किए अस्पताल जरूर पहुंचे।







