कटघोरा में 36 साल के नेता को बनाया मंडल अध्यक्ष, प्रदेश नेतृत्व तक पहुंची शिकायत
सतपाल सिंह

कटघोरा में 36 साल के नेता को बनाया मंडल अध्यक्ष, प्रदेश नेतृत्व तक पहुंची शिकायत
कटघोरा (कोरबा): भारतीय जनता पार्टी में अनुशासन और नियमों की दुहाई दी जाती है, लेकिन कटघोरा मंडल में युवा मोर्चा की अनुराग दुहलानी नियुक्ति ने इन दावों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष की अनुशंसा पर हाल ही में हुई नियुक्तियों में 36 वर्षीय व्यक्ति को युवा मोर्चा का मंडल अध्यक्ष बनाए जाने का मामला गरमा गया है।
सोशल मीडिया ने खोली पोल
विवाद की मुख्य वजह नवनियुक्त अध्यक्ष की आयु है। भाजपा के संगठनात्मक नियमों के अनुसार, युवा मोर्चा में पदाधिकारी बनने की अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष निर्धारित है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि नवनियुक्त अध्यक्ष की जन्मतिथि 24 अगस्त 1990 है, जिसके आधार पर वे 35 वर्ष की सीमा पार कर चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस उम्र का खुलासा खुद उनके फेसबुक प्रोफाइल और पुराने पोस्ट से हुआ है।
कार्यकर्ताओं में गहरा रोष
इस नियुक्ति के बाद से ही कटघोरा के सक्रिय युवा कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि:जब संगठन ने आयु सीमा तय की है, तो उसका उल्लंघन क्यों किया गया?
क्या 35 साल से कम उम्र के योग्य कार्यकर्ता मंडल में उपलब्ध नहीं थे?
आरोप लग रहे हैं कि जिला स्तर के एक प्रभावशाली नेता के दबाव में नियमों को ताक पर रखकर यह नियुक्ति की गई है।
प्रदेश अध्यक्ष से की गई शिकायत
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय कार्यकर्ताओं ने साक्ष्यों के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष को लिखित और फोन के माध्यम से शिकायत भेजी है। सूत्रों के अनुसार, प्रदेश नेतृत्व ने इस मामले की जांच करने और नियमों के विरुद्ध पाए जाने पर नियुक्ति निरस्त करने का आश्वासन दिया है।
संगठन की छवि पर सवाल
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यदि संगठन अपने ही बनाए ‘अंडर 35’ (35 वर्ष से कम) के नियम का पालन नहीं कर पा रहा है, तो इससे समर्पित युवाओं का मनोबल गिरेगा। अब देखना यह है कि जिला अध्यक्ष अपनी इस पसंद पर कायम रहते हैं या प्रदेश नेतृत्व इस विवादित नियुक्ति
पर कैंची चलाता है।






