FF 48, AMBE ANJANI E PLAZA, CMD SQUARE, BILASPUR
Chhattisgarh

सुशासन तिहार में सकर्रा के ग्रामीणों को मिली उप तहसील की सौगात

बिलासपुर, 07 मई 2025/सुशासन तिहार में सकर्रा(तखतपुर )के ग्रामीणों को उप तहसील की सौगात मिली। राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने समारोह पूर्वक उप तहसील कार्यालय का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशों के अनुरूप सकरी तहसील के ग्राम सकर्रा को उप तहसील बनाया गया है। यहां नायब तहसीलदार सुश्री नेहा कौशिक की पदस्थापना भी कर दी गई है। तखतपुर विधायक श्री धरमजीत सिंह के पहल एवं प्रयासों से सकर्रा में उप तहसील का कार्यालय शुरू हो सका है। उप तहसील कार्यालय शुरू होने से ग्रामीणों और किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई। राज्य सरकार की प्रशासनिक विकेंद्रीकरण की नीति के फलस्वरूप यह उप तहसील शुरू किया गया है। इससे उस इलाके के 7 पटवारी हल्कों के 25 गांवों के 40 हजार किसानों और ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। उन्हें अब 25 किमी की लम्बी दूरी तय कर राजस्व संबंधी छोटे-मोटे कामों के लिए सकरी आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। शुभारंभ के अवसर विधायक श्री धरमजीत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, जनपद पंचायत अध्यक्ष माधुरी वस्त्रकार, श्री दीपक सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, एडीएम श्री शिव कुमार बनर्जी, एसडीएम शिव कंवर सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राजस्व विभाग के कामकाज में सुधार हुआ है। राजस्व मामलों के जल्द निपटारे के लिए उप तहसील कार्यालय शुरू किया गया है। सुशासन तिहार में लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। डबल इंजन की सरकार पूरी रफ्तार से काम कर रही है। हमारी सरकार अंतिम छोर के अंतिम व्यक्ति तक का विकास हो, उनके सपने पूरे हो, इसके लिए लगातार काम कर रही है। विधायक श्री धरमजीत सिंह ने कहा कि यह ऐतिहासिक पल है। सकर्रा पुराना गांव है, अब यहां के लोगों के राजस्व मामले तेजी से निपटेंगे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन में विकास की किरण दूरस्थ गांवों में पहुंच रही है। जिला कार्यालय के भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार सकर्रा उप तहसील में अमसेना राजस्व निरीक्षक मण्डल के 7 पटवारी हल्का शामिल होंगे। इनमें पटवारी हल्का 33 के अंतर्गत ग्राम कोड़ापुरी, मेड़पारा बाजार, सकेती, सांवाताल, पटवारी हल्का 34 के ग्राम कुरेली, केकराड़, ठाकुरकांपा, खजुरी, पटवारी हल्का 35 के ग्राम मुरू, पथराली, बुटेना, कबराकांपा, पटवारी हल्का 36 के ग्राम खरकेना, मेड़पार छोटा, डिघोरा, पटवारी हल्का 37 के ग्राम छतौना, बोड़सरा पाली, हल्का नम्बर 38 के ग्राम अमसेना, बेलमुण्डी तथा पटवारी हल्का 39 के ग्राम सकर्रा, कोपरा, सिधिरी, उड़ेला एवं सरसेनी शामिल हैं। नवगठित उप तहसील सकर्रा के उत्तर दिशा में तखतपुर तहसील, दक्षिण में बिल्हा तहसील, पूर्व में सकरी तहसील एवं पश्चिम में मुंगेली जिला का पथरिया तहसील स्थित है। इसका क्षेत्रफल 10433 हेक्टेयर है। नए उप तहसील कार्यालय शुरू होने पर ग्रामीणों में हर्ष व्याप्त है।

Sanjay Thakur Bureau Bilaspur

State Affairs Reporter Sanjay Thakur is a state affairs reporter focusing on administration, development projects, and civic issues and local news is Bilaspur sambhag in Chhattisgarh. His work highlights grassroots concerns and governance-related developments. Areas of Expertise • State administration • Infrastructure and development • Civic and public issues • Field reporting & Local News of Bilaspur Sambhag of Chhattisgarh He follows source verification guidelines and ensures responsible, fact-based reporting. 📧 Contact:sanjaysinghthakur72@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026