चांपा की महारानी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब
प्रथम दिन करीब 10 हजार भक्तों ने किए माँ के दर्शन, टेराकोटा थीम पर सजा भव्य दरबार

चांपा। कोरबा रोड स्थित सिवनी मोड़ पर विराजमान चांपा की महारानी के भव्य दरबार में प्रथम दिन ही आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अनुमानित 10 हजार श्रद्धालुओं ने माँ के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली का आशीर्वाद प्राप्त किया। सुबह से देर रात तक भक्तों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा।
इस वर्ष चांपा की महारानी का भव्य पंडाल टेराकोटा थीम पर तैयार किया गया है, जो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पंडाल की आकर्षक साज-सज्जा और भव्य स्वरूप श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। माँ के दरबार में एसी की व्यवस्था भी की गई है, जिससे दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा एवं राहत मिल रही है।
व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
चांपा की महारानी के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए व्यवस्थापक अजय बंसल के मार्गदर्शन में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रवेश एवं निकासी सहित भीड़ को व्यवस्थित रखने की बेहतर व्यवस्था की गई है।
वहीं सुरक्षा की दृष्टि से पंडाल के चारों ओर सिक्योरिटी गार्ड की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। सुरक्षा कर्मी लगातार व्यवस्था संभालते हुए श्रद्धालुओं को सुगम एवं शांतिपूर्ण दर्शन कराने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
माँ के दरबार में लगातार पहुंच रहे श्रद्धालु
चांपा की महारानी के दर्शन के लिए चांपा सहित आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रथम दिन ही करीब 10 हजार लोगों की उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता और माँ के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था को दर्शाया।
भव्य पंडाल, आकर्षक टेराकोटा थीम, सुविधाजनक वातावरण, बेहतर सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था के चलते चांपा की महारानी का दरबार इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।





