सिटी सेंटर मॉल के पास बिल्डिंग में लगी आग, मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां

रायपुर : राजधानी रायपुर के पंडरी इलाके में सिटी सेंटर मॉल के पास स्थित महालक्ष्मी मार्केट की एक होम डेकोरेशन शॉप में रविवार को भीषण आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसमान में उठते काले धुएं के गुबार को देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
सूरजपुर जिला जेल में दोहरे हत्याकांड के आरोपी ने उठाया आत्मघाती कदम, हाथ में मिले कटने के निशान
जानकारी के अनुसार, आग देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत महालक्ष्मी मार्केट की एक बिल्डिंग के चौथे माले पर लगी। आग की चपेट में आने से वहां रखा फर्नीचर जलकर राख हो गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई। आग लगने की घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की भयावहता और आसमान में उठता काले धुएं का गुबार साफ दिखाई दे रहा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किए जाने संबंधी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।





