*हरेठी कला में अवैध महुआ शराब पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार*
10 लीटर महुआ शराब और 80 किलो ग्राम महुआ लाहन जब्त...

सक्ती। आबकारी वृत्त जैजैपुर ने ग्राम हरेठी कला में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में 10 लीटर महुआ शराब और 80 किलो ग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया।
आबकारी विभाग के अनुसार, 3 अक्टूबर को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर ग्राम हरेठी कला, थाना हसौद निवासी बसंत कुमार टंडन (48) के मकान की तलाशी ली गई। इस दौरान जूट बोरी में रखी दो पन्नियों से 5-5 लीटर महुआ शराब तथा चार प्लास्टिक बोरियों से 20-20 किलो ग्राम महुआ लाहन बरामद हुआ।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(1)(च) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई आबकारी वृत्त जैजैपुर प्रभारी घनश्याम प्रधान के नेतृत्व में की गई। टीम में मुख्य आरक्षक रघुनाथ पैकरा, आरक्षक श्रवण कांत द्विवेदी, सैनिक भीम साहू, वीरेंद्र यादव सहित आबकारी स्टाफ शामिल रहा।





