*जैजैपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 120 लीटर महुआ शराब और 1680 किलो लाहन जब्त*
दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश, लावारिस हालत में मिला अवैध शराब बनाने का सामान

सक्ती/जैजैपुर। जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर सक्ती एवं जिला आबकारी अधिकारी के निर्देश पर आबकारी वृत्त जैजैपुर की टीम ने 22 सितंबर को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 120 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब और 1680 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया है। दोनों मामलों में शराब और लाहन लावारिस हालत में मिलने पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
पहली कार्रवाई ग्राम हरदी में झोरखी नाला के किनारे की गई। यहां अवैध रूप से छिपाकर रखे गए 9 नग प्लास्टिक जरीकेन में भरी कुल 45 लीटर तथा 10 नग पारदर्शी पन्नियों में भरी 50 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की गई। इसके अलावा 37 नग प्लास्टिक बोरी एवं पन्नियों में रखा करीब 740 किलोग्राम महुआ लाहन भी जब्त किया गया। इस मामले में कुल 95 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।
इसी क्रम में दूसरी कार्रवाई ग्राम हरदी भाटापारा में बोरई नदी किनारे पीपर खार क्षेत्र में की गई। आबकारी टीम ने यहां 5 नग प्लास्टिक जरीकेन में भरी 25 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब तथा 47 नग प्लास्टिक पन्नियों में रखा 940 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया। इस मामले में भी शराब एवं लाहन लावारिस हालत में मिलने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
आबकारी विभाग के अनुसार दोनों स्थानों को अवैध शराब निर्माण की गतिविधियों से जुड़े संभावित क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया गया था। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर लगातार निगरानी रखने की बात कही गई है।
पूरी कार्रवाई आबकारी वृत्त जैजैपुर प्रभारी घनश्याम प्रधान के नेतृत्व में की गई। टीम में आबकारी मुख्य आरक्षक रघुनाथ पैकरा, आरक्षक श्रवण कांत द्विवेदी, नगर सैनिक भीम साहू तथा आबकारी स्टाफ परस राम कहरा और बसंती चौधरी का सराहनीय योगदान रहा।
आबकारी विभाग ने दोनों मामलों में जब्त शराब एवं महुआ लाहन को कब्जे में लेकर प्रकरण दर्ज किया है तथा अज्ञात आरोपियों की पहचान और अवैध शराब के स्रोत का पता लगाने के लिए विवेचना की जा रही है।





