कोरबा – सड़क हादसे में माइनिंग सरदार की मौत,जांच में जुटी पुलिस
कोरबा जिले के कटघोरा में तेज़ रफ़्तार वाहनों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज मंगलवार को कटघोरा-ढेलवाडीह बायपास मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में SECL कर्मचारी की जान चली गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार 407 वाहन ने बुलेट सवार SECL कर्मी को इतनी ज़ोरदार टक्कर मारी कि अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया
मृतक की पहचान आशुतोष कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो SECL सुराकछार में माइनिंग सरदार के पद पर पदस्थ थे। आशुतोष अपनी बुलेट पर सवार होकर जा रहे थे, तभी ढेलवाडीह बायपास मार्ग पर तेज़ रफ़्तार 407 वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि बुलेट के परखच्चे उड़ गए और आशुतोष गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के तुरंत बाद राहगीरों और मौके पर पहुँची कटघोरा पुलिस ने मानवता का परिचय देते हुए घायल आशुतोष को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कटघोरा पहुँचाया। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं कि उपचार के दौरान उनकी दुखद मृत्यु हो गई।कटघोरा पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना कारित करने वाले 407 वाहन को ड्राइवर समेत ज़ब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया है और आगे की कानूनी कार्यवाही में जुट गई है।





