कोरबा (छत्तीसगढ़) – नवरात्रि से पहले कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘मातृ सेवा संकल्प अभियान’ में 262 महिला पीड़ितों को मिला न्याय
सतपाल सिंह


कोरबा (छत्तीसगढ़) – नवरात्रि से पहले कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘मातृ सेवा संकल्प अभियान’ में 262 महिला पीड़ितों को मिला न्याय
7 दिनों में 328 लंबित आवेदनों पर कड़ा एक्शन; 55 मामलों में दर्ज हुई FIR
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की विशेष पहल: महिला सुरक्षा और त्वरित न्याय के लिए जिलेभर में दौड़ीं स्पेशल टीमें…
कोरबा। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उन्हें त्वरित न्याय दिलाने के लिए कोरबा पुलिस ने नवरात्रि पर्व से ठीक पहले एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी (IPS) के मार्गदर्शन में चलाए गए ‘मातृ सेवा संकल्प अभियान’ के तहत महज एक सप्ताह के भीतर महिला पीड़ितों की 262 लंबित शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निपटारा कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने जिले में महिलाओं से जुड़े लंबित आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए कुल 328 मामलों को चिह्नित किया था। इसके तुरंत बाद जिला और थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन कर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस महाभियान का असर यह रहा कि गंभीर प्रकृति के 55 मामलों में तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज की गई, जबकि 27 मामलों में आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें कानून का पाठ पढ़ाया गया।
पारिवारिक विवादों में काउंसलिंग और कानूनी मदद
इस विशेष अभियान में पुलिस ने कानूनी चाबुक चलाने के साथ-साथ संवेदनशीलता की भी मिसाल पेश की:
महिला सेल की भूमिका: पति-पत्नी और पारिवारिक विवाद से जुड़े 40 मामलों में महिला सेल के माध्यम से काउंसलिंग कराई गई, जिससे टूटने की कगार पर पहुंचे परिवारों को आपसी संवाद से बचाया जा सका।
न्यायालयीन सलाह: पुलिस के अधिकार क्षेत्र से बाहर (अहस्तक्षेप योग्य) पाए गए 58 मामलों में पीड़ित महिलाओं को भटकाव से बचाते हुए, उचित कानूनी प्रक्रिया के तहत कोर्ट जाने की सही सलाह दी गई।
बाकी बचे मामलों पर भी जारी रहेगा एक्शन
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, एक हफ्ते के भीतर 328 में से 262 शिकायतों का पूरी तरह निवारण कर दिया गया है। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शेष बचे आवेदनों पर भी लगातार तेजी से कार्रवाई जारी रहेगी ताकि कोई भी पीड़ित महिला न्याय से वंचित न रहे।
“महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता”
नवरात्रि के पावन पर्व के पूर्व मिली इस बड़ी सफलता पर कोरबा पुलिस ने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि जिले में महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पुलिस चौबीसों घंटे सतर्क है।
कोरबा पुलिस की अपील: पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों और विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या प्रताड़ना के खिलाफ बिना किसी संकोच के पुलिस से संपर्क करें। हर शिकायत पर तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
“महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और न्याय — कोरबा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता।”





