साड़ी खरीदने के बहाने दुकान में चोरी! कार सवार गैंग की 10 महिलाओं समेत 12 आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में कपड़ा दुकान से साड़ियां चोरी करने के मामले में पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी दो कारों से दुकान पहुंचे थे और साड़ी खरीदने के बहाने दुकानदार को उलझाकर वारदात को अंजाम दिया। चोरी गई साड़ियों की कीमत करीब 36 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से साड़ियां बरामद कर ली हैं।
छत्तीसगढ़ में जवानों को बड़ी सफलता, नक्सलियों के छिपाए विस्फोटकों को CRPF ने किया निष्क्रिय
दो कारों से पहुंचे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर की शाम कुछ महिलाएं दो कारों से लटोरी चौकी क्षेत्र के करवां स्थित कपड़ा दुकान पहुंचीं। उन्होंने साड़ी खरीदने के बहाने दुकानदार को बातचीत और खरीदारी में व्यस्त रखा। इसी दौरान दुकान और उससे लगे गोदाम से साड़ियां चोरी कर ली गईं। बाद में स्टॉक का मिलान करने पर दुकानदार को साड़ियां गायब मिलीं, जिसके बाद उसने लटोरी चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
बनारस रोड के पास से पकड़े गए आरोपी
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान बनारस रोड के किनारे तंबू लगाकर रह रहे कुछ संदिग्ध महिला और पुरुषों के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की और कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया।
देश में मचे बवाल, लेकिन मैडम की जॉगिंग नहीं रुकी! फ्रांस की महिला का वीडियो वायरल
राजस्थान के बारां जिले के निवासी हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के बारां जिले की 10 महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। उनके पास से चोरी की गई साड़ियां बरामद की गई हैं। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
साड़ी खरीदने के बहाने दुकान और गोदाम से सामान गायब होने की इस घटना के बाद इलाके में चर्चा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।





