CG News: मां-बेटे की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, 4 दिन तक कमरे में बंद रहे शव; बदबू आने पर खुला राज

रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में एक किराये के मकान से मां और बेटे के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। छोटा अशोक नगर स्थित मकान में 52 वर्षीय जय जी देशमुख और उनके 25 वर्षीय बेटे हंसमुख मृत अवस्था में मिले। दोनों पिछले करीब चार वर्षों से यहां किराये पर रह रहे थे। बताया जा रहा है कि मां-बेटे पिछले तीन से चार दिनों से दिखाई नहीं दिए थे। कमरे से दुर्गंध आने पर घटना की जानकारी सामने आई।
जानकारी के अनुसार, मां-बेटे जिस कमरे में रह रहे थे, उसका दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने और कमरे से तेज बदबू आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़कर पुलिसकर्मी अंदर दाखिल हुए तो वहां मां-बेटे के शव मिले।
फर्श पर पड़ा था मां का शव, बिस्तर पर मिला बेटा
पुलिस को कमरे के अंदर महिला का शव फर्श पर मिला, जबकि उनके बेटे का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था। दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जय जी देशमुख ऑनलाइन टीचिंग का काम करती थीं। वहीं, उनका बेटा हंसमुख लंबे समय से बीमार था और उसका इलाज चल रहा था। पिछले कुछ दिनों से दोनों के बाहर नहीं दिखने के बावजूद किसी को उनके कमरे के अंदर की स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाया।
दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं: करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत, अब मां ने भी तोड़ा दम
FSL टीम ने जुटाए जरूरी साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया और जांच के लिए जरूरी साक्ष्य जुटाए। वहीं, गुढ़ियारी थाना पुलिस ने भी घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल मां और बेटे की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।





