
विराट कोहली और प्रेमानंद महाराज से जुड़ा 5 करोड़ रुपये का दावा इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है। दावा किया गया था कि वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम में विराट कोहली को बुलाने के लिए कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। अब विराट कोहली के प्रवक्ता ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। प्रवक्ता ने आरोपों को झूठा, बेबुनियाद और तथ्यात्मक रूप से गलत बताया है।
प्रेमानंद महाराज से मुलाकात पर विराट के प्रवक्ता का बयान
विराट कोहली के प्रवक्ता की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि फलाहारी महाराज के नाम से मशहूर दिनेश शर्मा द्वारा विराट कोहली को लेकर किए गए दावे पूरी तरह गलत और तथ्यों से परे हैं। प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि विराट कोहली प्रेमानंद महाराज से अपनी आस्था और सम्मान के चलते मुलाकात करते हैं।
बयान में कहा गया कि विराट कोहली के प्रेमानंद महाराज से मिलने के पीछे किसी तरह के आर्थिक लेन-देन की बात पूरी तरह निराधार है। प्रवक्ता ने इन आरोपों का पुरजोर खंडन करते हुए मीडिया से भी अपील की कि ऐसी खबरों को आगे बढ़ाने से पहले तथ्यों की अच्छी तरह जांच की जाए और जिम्मेदारी के साथ रिपोर्टिंग की जाए।
फलाहारी महाराज ने क्या दावा किया था?
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक दावा तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें कहा गया कि राजस्थान की एक निजी कंपनी ने कथित तौर पर विराट कोहली को प्रेमानंद महाराज के आश्रम तक लाने के लिए 5 करोड़ रुपये खर्च किए थे। यह दावा फलाहारी महाराज के नाम से चर्चित दिनेश शर्मा की ओर से किया गया था।
दावे के मुताबिक, जनवरी 2023 में विराट कोहली की प्रेमानंद महाराज से पहली मुलाकात के दौरान एक प्रॉपर्टी बिल्डर लॉबी और राजस्थान की एक निजी कंपनी ने कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये खर्च किए थे। यह भी दावा किया गया था कि इसके पीछे प्रेमानंद महाराज के प्रचार और उनकी लोकप्रियता बढ़ाने का उद्देश्य था।
हालांकि, विराट कोहली के प्रवक्ता ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने साफ किया कि विराट कोहली प्रेमानंद महाराज से व्यक्तिगत आस्था और सम्मान के कारण मिलते हैं।
यूक्रेन के ड्रोन हमले से तेल टैंकर में लगी भीषण आग, Black Sea में धुएं से काला हुआ आसमान
विराट-अनुष्का कई बार जा चुके हैं आश्रम
विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा प्रेमानंद महाराज से मुलाकात के लिए कई बार वृंदावन जा चुके हैं। दोनों की महाराज के साथ मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आते रहे हैं। विराट और अनुष्का की इन मुलाकातों को लेकर उनके प्रशंसकों के बीच भी काफी चर्चा रहती है।





