Chhattisgarhछत्तीसगढ

स्मृति ईरानी का आज भी रहेगा मैराथन बैठकों का दौर, विधायकों-सांसदों और मंत्रियों से करेंगी चर्चा; 2028 चुनाव पर फोकस

रायपुर : छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी अपने दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन सोमवार को भी संगठनात्मक बैठकों में व्यस्त रहेंगी। सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू के साथ वे विधायकों, सांसदों, मंत्रियों और संगठन से जुड़े प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति की समीक्षा करेंगी। इन बैठकों में आगामी राजनीतिक रणनीति और वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना है।

स्मृति ईरानी ने CM विष्णुदेव साय और डॉ. रमन सिंह से की मुलाकात, अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

कार्यकर्ताओं को दिया अनुशासन का संदेश

प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार रायपुर पहुंचीं स्मृति ईरानी ने दौरे के पहले दिन भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं को अनुशासन बनाए रखने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठकों में केवल उन्हीं लोगों को उपस्थित रहना चाहिए, जिन्हें आमंत्रित किया गया है। बिना किसी काम या बुलावे के कार्यालय आने से बचने की सलाह भी दी।

रायपुर पहुंचने के बाद स्मृति ईरानी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और अन्य पदाधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ सुना। इस दौरान सभी नेता और कार्यकर्ता जमीन पर बैठकर कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने पार्टी कार्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार और संगठनात्मक कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने पर जोर दिया।

पहले दिन नौ घंटे से अधिक चलीं बैठकें

स्मृति ईरानी ने दौरे के पहले दिन भाजपा प्रदेश मुख्यालय में नौ घंटे से अधिक समय तक संगठनात्मक बैठकें कीं। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, अन्य पदाधिकारी, संभाग प्रभारी और सह-प्रभारी तथा जिला प्रभारी और सह-प्रभारियों के साथ संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की गई।

इसके अलावा पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और निगम-मंडल, बोर्ड एवं आयोगों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों के साथ भी बैठक हुई। बैठकों में संगठन के कामकाज, आपसी समन्वय और आगामी चुनावी तैयारियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

2028 में दोबारा सरकार बनाने की रणनीति पर जोर

बैठकों के दौरान स्मृति ईरानी ने पदाधिकारियों से संगठन की गतिविधियों और जमीनी स्तर पर चल रहे कामकाज की जानकारी ली। उन्होंने पूर्व सांसदों और विधायकों से वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की दोबारा सरकार बनाने की रणनीति को लेकर सवाल भी किए। इस दौरान कुछ मंत्रियों से जुड़ी शिकायतें भी प्रदेश प्रभारी तक पहुंचने की बात सामने आई। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को एकजुट होकर काम करने के निर्देश दिए।

CG Weather Update: साइक्लोन बदलेगा मौसम का मिजाज, छत्तीसगढ़ के कई जिलों में होगी बारिश

आज इन बैठकों में शामिल होंगी स्मृति ईरानी

26 अक्टूबर को स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू की कई महत्वपूर्ण बैठकें निर्धारित हैं।

  • सुबह 10:00 से 11:30 बजे तक: भाजपा विधायकों के साथ बैठक।
  • सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक: पार्टी सांसदों के साथ चर्चा।
  • दोपहर 12:30 से 2:00 बजे तक: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कैबिनेट के मंत्रियों के साथ बैठक।
  • दोपहर 3:00 से शाम 4:30 बजे तक: निगम-मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा।
  • शाम 4:30 से 5:30 बजे तक: विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ संवाद।

इन बैठकों के जरिए प्रदेश में भाजपा संगठन की स्थिति, नेताओं के बीच समन्वय और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर चर्चा की जाएगी। पार्टी की नजर वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत करने पर भी रहेगी।

Preeti Singh

Priti Singh is a senior journalist at INN24 News with extensive experience covering crime, governance, public policy, and regional affairs in Chhattisgarh Her reporting focuses on factual accuracy, administrative accountability, and issues of public interest. Areas of Expertise • India and Chhattisgarh politics and governance • State and regional affairs (Chhattisgarh) • Public administration • Investigative reporting Editorial Responsibility Priti Singh follows strict fact-checking and editorial standards and adheres to INN24 News’ Editorial Policy. 📧 Contact: manni200390@gmail.com Profile Last Updated: 20 January 2026